न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
झारखंड की बेटियों ने एक बार फिर राज्य का नाम रौशन किया है। 1 से 17 जुलाई तक नीदरलैंड और स्पेन में FIH महिला हॉकी वर्ल्ड कप प्रतियोगिता के लिये झारखंड की तीन बेटियों का चयन भारतीय महिला हॉकी टीम में किया गया है। निक्की प्रधान, सलीमा टेटे और संगीता कुमारी भारतीय महिला हॉकी टीम में शामिल की गयी हैं। ऐसा पहली बार हो रहा है कि झारखंड की टीम खिलाड़ी विश्व कप महिला हॉकी टूर्नामेंट के लिए चयनित हुई हैं। खूंटी की निक्की प्रधान दो ओलंपिक खेल चुकी हैं जबकि सिमडेगा की ही सलीमा टेटे पिछले टोक्यो ओलंपिक में भारतीय टीम की सदस्य रही हैं। संगीता कुमारी को इसी वर्ष खेले गये जूनियर वर्ल्ड कप में बेहतर खेल का पुरस्कार मिला है कि वह भारत की सीनियर महिला हॉकी टीम में शामिल की गयी हैं।
भारत का पहला मुकाबला 2 जुलाई को
महिला विश्व कप टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं। सभी टीमों को चार पुलों में बांटा गया है। भारतीय टीम पूल बी में है जहां इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और चीन की महिला टीमें उसके साथ हैं। भारत को अपना पहला मैच 2 जुलाई को इंग्लैंड से खेलना है। भारत 5 जुलाई को चीन के साथ दूसरा और 7 जुलाई को न्यूजीलैंड के साथ अपना तीसरा मैच खेलेगा।
खेल अधिकारियों ने दी बधाइयां और शुभकामनाएं
हॉकी झारखंड के अधिकारियों ने वर्ल्ड कप टूर्नामेंट की झारखंड की चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दी हैं। हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने बधाई ने कहा कि भारतीय टीम में हमारे झारखंड के खिलाड़ियां चयन राज्य के लिए गौरव की बात है। हमारे प्रशिक्षक और संघ के पदाधिकारी राज्य की खिलाड़ियों पर जो मेहनत करते हैं , यह उसी का परिणाम है। भारतीय टीम में एक साथ तीन खिलाड़ियों का चयन बता रहा है कि झारखंड में प्रतिभा की कमी नहीं है। झारखंड हॉकी महासचिव विजय शकर सिंह, उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी, संयुक्त सचिव माइकल लाल, बिगन सोय, कोषाध्यक्ष असरिता लकड़ा समेत अन्य ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी है।
यह भी पढ़ें: Jharkhand: हेमंत सोरेन के गले की फांस ‘खनन पट्टे’ में फंसी है कुर्सी, चुनाव आयोग में आज है पेशी