न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
गर्मी का मौसम आधा निकल चुका है, लेकिन मॉनसून शुरू होने में अभी वक्त है। पानी रांची ही नहीं, पूरे झारखंड की इस समय बड़ी समस्या है। गर्मी के कारण भूजल स्तर नीचे जा चुका है, इस साल पानी कम बरसने के कारण लोगों की पानी की जरूरत पूरी करने वाले डैम भी सूखने लगे हैं। इसी के साथ सूख रहे हैं लोगों के हलक। गर्मी में पानी हर साल की समस्या है। रांची में जगह-जगह, खास तौर पर फ्लाई ओवर कंस्ट्रक्शन के कारण भी पाइप क्षतिग्रस्त भी हुए है, जिससे पानी की सप्लाई पर असर पड़ा है। इसके अलावा भी समस्याएं ऐसी है जिनका असर वाटर सप्लाई पर पड़ता है।
राजधानी रांची में पानी की लोगों की समस्याओं को देखते हुए झारखंड हाई कोर्ट ने रांची नगर निगम से सवाल किया कि शहर वासियों को स्वच्छ पानी देने की उसकी क्या तैयारियां हैं। दरअसल, रांची में विभिन्न जलाशयों और तालाबों के अतिक्रमण से संबंधित एक याचिका पर हाईकोर्ट सुनवाई कर रहा है। याचिकाकर्ता खुशबू कटारुका ने रांची के बड़ा तालाब और जिले जलस्रोतों में चल रहे अतिक्रमण का मुद्दा उठाते हुए उनको संरक्षित करने की अपील करते हुए याचिका दायर की थी। मामला हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस संजय कुमार मिश्र और जस्टिस आनंद सेन की खंडपीठ में चल रहा है। इसी सुनवाई के दौरान अदालत ने रांची नगर निगम और राज्य सरकार से पूछा है कि शहर वासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का उसके पास क्या इन्तजाम है। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से अपर महाधिवक्ता सचिन कुमार और प्रार्थी की ओर से अधिवक्ता शुभम कटारुका ने पक्ष रखा।
यह भी पढ़ें: Jharkhand: भाजपा के हल्ला बोल पर प्रशासन ने बोला लाठियों से हल्ला, सचिवालय तक नहीं पहुंचे भाजपाई