न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
रांची शहरी क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने की दिशा में झारखंड बिजली वितरण निगम द्वारा तेजी से काम किया जा रहा है। रांची शहरी क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने के लिए चयनित कंपनी जेनस द्वारा सर्वे का काम भी तेजी से किया जा रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जियो और एयरटेल का नेटवर्क का प्रयोग स्मार्ट मीटर के संचालन में किया जायेगा। इसके लिए जेनस कंपनी द्वारा जियो और एयरटेल के अधिकारियों से बातचीत चल रही है। जानकारी के अनुसार जेनस द्वारा रांची के श्हरी क्षेत्रों में यह सर्वें किया जा रहा है कि किस क्षेत्र में जिओ और किस क्षेत्र में एयरटेल का नेटवर्क मजबूत है। साथ ही कंपनी द्वारा झारखंड बिजली वितरण निगम से मिली उपभोक्ताओं की सूची के अनुसार यह भी सर्वें किया जा रहा है कि किन-किन घरों में स्मार्ट मीटर लगाना है। विदित हो कि झारखंड बिजली वितरण निगम ने एलवन घोषित होने के बाद जेनस कंपनी को रांची में स्मार्ट मीटर लगाने का सौंपा है। इसके लिए बिजली निगम और जेनस कंपनी के बीच एकरारनामा भी हो चुका है। प्रथम चरण में रांची में स्मार्ट मीटर लगाने की योजना है। इसके बाद जमशेदपुर और धनबाद में स्मार्ट मीटर लगाने का काम किया जायेगा।
साढ़े तीन लाख घरों में स्मार्ट मीटर लगेगा
रांची के शहरी क्षेत्रों के साढ़े तीन लाख घरों में स्मार्ट मीटर लगाया जायेगा। इसपर 214 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे। स्मार्ट मीटर लगाने के लिए विश्व बैंक राशि उपलब्ध करा रहा है। स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली चोरी पर लगाम भी लगेगी। साथ ही उपभोक्ता बिजली बिल का बकाया भी नहीं रख सकेंगे। स्मार्ट मीटर प्री पेड होगा। जितने का रीचार्ज उपभोक्ता करायेंगे, उतने का ही बिजली का उपयोग उपभोक्ता कर सकेंगे। राशि खत्म होते ही बिजली कट जायेगी। इसके बाद पुन: रीचार्ज करने पर ही बिजली चालू हो सकेगी। यह पूरी तरह मोबाइल की तर्ज पर काम करेगा। बिजली निगम मुख्यालय स्तर पर उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर की मानिटरिंग की जायेगी। मोबाइल की तर्ज पर ही उपभोक्ता स्मार्ट मीटर का भी रीचार्ज किसी भी समय करा सकेंगे।