Jharkhand: हेमंत सरकार पर जमकर बरसे शाह, चाईबासा में किया 2024 का शंखनाद
न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
विजय महासंकल्प रैली से केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 2024 लोकसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया है। अमित शाह ने चाईबासा का टाटा कॉलेज मैदान में जनसभा में 2024 में होने वाले आम चुनाव की हुंकार भरी। करीब 27 मिनट के अपने सम्बोधन में गृहमंत्री अमित शाह ने झारखंड की हेमंत सरकार पर जमकर हमले किया। उन्होंने झारखंड की वर्तमान सरकार को जन विरोधी, आदिवासी विरोधी, भ्रष्टाचार करने वाली और भ्रष्टाचारियों को मदद करने वाली सरकार बताया। शाह ने इस दौरान राज्य की पूर्व की रघुवर सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि रघुवर दास जब तक मुख्यमंत्री थे तब तक राज्य का विकास सही तरीके से होता रहा, लेकिन हेमंत सरकार में केन्द्र से आये पैसों का जमकर दुरुपयोग हुआ।
अमित शाह ने हेमंत सोरेन की सरकार को आदिवासी विरोधी बताते हुए कहा कि यहां पर आदिवासी महिलाएं सुरक्षित नहीं है। शाह ने हेमंत सरकार पर गंभीर सवाल उठाते हुए राज्य की जनता को इस सरकार को हटाकर भाजपा की सरकार बनाने की अपील की। अंत में उन्होंने कहा कि अगले चुनाव में राज्य में कमल खिलना तय है।
बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, दीपक प्रकाश और रघुवर ने भी राज्य सरकार को कोसा
गृहमंत्री अमित शाह के सम्बोधन से पहले केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी जनसभा को सम्बोधित किया। भाजपा के सभी नेताओं ने हेमंत सरकार को अपने निशाने पर लिया। इन भाजपा नेताओं ने भी राज्य की वर्तमान सरकार को आदिवासी विरोधी और भ्रष्टाचार में लिप्त, बांग्लादेशी घुसपैठियों, गौ-तस्करों की मदद सरकार बता कर गृहमंत्री से अपील की इस सरकार से राज्य की जनता को निजात दिलायें।
रांची में रात्रि विश्राम के बाद शाह पहुंचे चाईबासा
इससे पूर्व रांची के रेडिसन ब्लू में रात्रि विश्राम करने के बाद शाह करीब 10.30 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर से चाईबासा रवाना हुए थे। टाटा पहुंचने पर भाजपा नेताओं द्वारा उनका स्वागत किया गया। इसके बाद शाह ने चाईबासा में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ आगामी लोकसभा चुनाव पर चर्चा की और उसकी रूपरेखा तैयार की। इसके बाद वह विजय संकल्प रैली में शामिल हुए।
शाह की सुरक्षा चाक-चौबंद
गृहमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था टाइट, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों को तैनात किया गया था। सभा स्थल पर प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते बनाए गए थे। महिलाओं के लिए अलग और पुरुषों के लिए अलग रास्ते बनाए गए थे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ रेलवे राज्य मंत्री रावसाहेब दानवे भी हुए। चाईबासा में रैली को सम्बोधित करने के बाद अमित शाह छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हो गये।
सभा स्थल पर काले कपड़ों में प्रवेश निषेध
गृहमंत्री अमित शाह की सुरक्षा व्यवस्था के साथ यह भी ख्याल रखा गया था कि वहां किसी प्रकार की अव्यवस्था न फैल सके। विरोध प्रदर्श जैसी बातें न हो सकें। इसका भी ख्याल रखा गया था। सभा स्थल पर किसी को भी काले कपड़ों में आने की इजाजत बिल्कुल नहीं थी। जो लोग काले कपड़ों में आये भी तो उन्हें सभा स्थल पर जाने नहीं दिया गया। इसके अलावा पीने की पानी की बोतल, हेलमेट, पान-गुटखा या अन्य वस्तुएं जिससे अव्यवस्था फैलने की आशंका हो सकती है, ले जाने की इजाजत नहीं थी।
शाह की सुरक्षा में चूक, हाई सिक्युरिटी जोन में चाकूबाजी
राजधानी रांची में के रेडिसन ब्लू होटल में रात्रि प्रवास के दौरान हाई सिक्यूरिटी जोन में सुरक्षा में एक बड़ी चूक नजर आयी है। रेडिसन ब्लू होटल से महज़ 30 मीटर की दूरी में स्थित गली में चाकूबाजी हो गयी। इ, चाकूबाजी में एक व्यक्ति घायल हो गया। चाकूबाजी करने के बाद आरोपी पास की झाड़ियों में छुप गया था। मामले की जानकारी मिलने के बाद तुरंत कार्यवाही करते हुए पुलिस ने चाकूबाजी करने वाले शख्स को चाकू के साथ हिरासत में ले लिया तो वहीं घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें: Jharkhand: गृहमंत्री शाह की सुरक्षा में चूक, हाई सिक्युरिटी जोन में हुई चाकूबाजी, एक घायल