Amit Shah on Hemant: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देवघर के जसीडीह नैनो फर्टिलाइजर प्लांट का उद्घाटन करने आये थे। शाह ने इस मौके पर इफको ग्राउंड में विजय संकल्प रैली को भी संबोधित किया। इस रैली के आयोजन का मकसद भाजपा के मिशन 2024 का आगाज करना और उन्होंने किया भी। उन्होंने झारखंड के विकास के लिए 2024 में फिर से कमल खिलाने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को इस रैली से विजय का संकल्प भी दिलाया। लेकिन सबसे बड़ी बात यह रही कि शान ने झारखंड की हेमंत सरकार को खूब आड़े हाथों लिया। केन्द्रीय गृहमंत्री ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार को निशाने पर लेते हुएकहा कि झारखंड की सरकार देश की सबसे भ्रष्ट सरकार है। इस सरकार में राज्य में लूट मची है। उन्होंने हेमंत सरकार को उखाड़ फेंकने के आह्वान के साथ झारखंड से भाजपा की बड़ी जीत सुनिश्चित करने की अपील की।
झारखंड और झारखंड की विरासत की सराहना
अमित शाह ने अपने सम्बोधन की शुरुआत में संथाल की भूमि को ऐतिहासिक बताते हुए आजादी के संग्राम का अमर इतिहास लिखने की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह बाबा भोलेनाथ की धरती है यहां के कण-कण में शंकर का वास है। जय जोहार के उद्घोष के साथ उन्होंने झारखंड के अमर शहीदों को भी याद किया।
झारखंड की हेमंत सरकार को लिया निशाने पर
केंद्रीय गृहमंत्री ने हेमंत सरकार को देश की सबसे भ्रष्ट सरकार बताया। उन्होंने कहा कि कोई मंत्री-मुख्यमंत्री बनता है, तो हाथ से करप्शन करता है, लेकिन यहां तो ट्रैक्टर और रेलवे के वैगन से भ्रष्टाचार शुरू कर दिया गया। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने संथाल परगना में विकास का कोई काम नहीं किया है। केवल जनता को मूर्ख बनाने का काम किया। वोट बैंक की लालच में झारखंड में घुसपैठियों को प्रश्रय दिया जा रहा है। ये घुसपैठिये आदिवासियों की जमीन हथिया रहे हैं। यहां की बच्चियों पर अत्याचार कर रहे हैं और हेमंत बाबू मुस्कुराते हुए यह सब देख रहे हैं।
कोरोना काल में किसी भी घर का चूल्हा बंद नहीं हुआ
अमित शाह ने कहा कि कोरोना में हमने किसी भी घर का चूल्हा बंद नहीं होने देगी। हमने ढाई साल तक प्रति व्यक्ति-प्रति माह पांच किलो अनाज मुफ्त पहुंचाया। अब एक और साल तक हम गरीबों को मुफ्त अनाज उपलब्ध करवाएंगे। केंद्र सरकार ने गरीब, आदिवासी और पिछड़ों के हितषी सरकार है। गृहमंत्री ने आदिवासी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार एक गरीब आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनी है। यह हर गरीब का सम्मान है। हर आदिवासी का सम्मान है।
इससे पूर्व अमित शाह ने देवघर बाबा बैद्यनाथ मंदिर में सपत्नीक षोडशोपचार विधि से पूजा-अर्चना की। इस मौके पर झारखंड के कृषि पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री बादल पत्रलेख ने उन्हें मंदिर श्राईन बोर्ड की तरफ से अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर उनका अभिनंदन किया।
इसके पश्चात जसीडीह स्थित इंडस्ट्रियल एरिया के इफको ग्राउंड में इफको नैनो यूरिया (तरल) खाद संयंत्र का शिलान्यास किया। इस संयंत्र में तरल खाद का निर्माण होगा।
हवाई अड्डे पर गृहमंत्री का स्वागत
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को पूर्वाह्न 11:45 बजे विशेष विमान से देवघर एयरपोर्ट पहुंचे जहां। राज्य के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और रघुवर दास, झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे, देवघर के विधायक नारायण दास, संथाल परगना के उप महानिरीक्षक सुदर्शन प्रसाद मंडल, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री, पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र जाट एवं वरीय जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।
न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
यह भी पढ़ें: Jharkhand: ममता देवी के पति बजरंग महतो होंगे रामगढ़ से कांग्रेस उम्मीदवार
Amit Shah on Hemant