राजधानी रांची के अलबर्ट एक्का चौक पर देश का दूसरा और अपनी तरह का पहला गोल फुट ओवरब्रिज बनने जा रहा है। बताया जा रहा है कि करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले गोल फुट ओवरब्रिज का निर्माण छह महीने में पूरा हो जायेगा। इस ओवरब्रिज का निर्माण पश्चिम बंगाल के अलिपुरद्वार की बीआरबीए कंपनी कर रही है। गोल फुट ओवर ब्रिज के निर्माण का काम शुरू हो चुका है। कंपनी अभी अलबर्ट एक्का चौक पर मार्किंग और नापी का काम कर रही है। जब यह फुट ओवरब्रिज तैयार हो जायेगा तब अल्बर्ट एक्का चौक का रूप-आकार ही बदल जायेगा।
अल्बर्ट एक्का प्रतिमा को मिलेगा नया प्लेटफॉर्म
अलबर्ट एक्का चौक का गोलंबर, जहां शहीद अल्बर्ट एक्का की प्रतिमा लगी है, उसका भी स्वरूप बदल जायेगा। शहीद अल्बर्ट एक्का की प्रतिमा के लिए नया प्लेटफॉर्म बनेगा जिस पर उनकी प्रतिमा को स्थानांतरित किया जाएगा। आकर्षक लाइटों से फुट ओवरब्रिज और अल्बर्ट एक्का का गोलंबर और भी आकर्षक लगने लगेगा। रांची का यह फुट ओवर ब्रिज कोलकाता में बने गोल फुट ओवरब्रिज के बाद दूसरा है, लेकिन वहां रोड क्रॉस करने के लिए एफओबी नहीं है, जबकि रांची के गोल फुट ओवरब्रिज से लोग रोड क्रॉस कर सकेंगे। इस लिहाज से यह देश का पहला फुट ओवरब्रिज होगा।
न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
यह भी पढ़ें: अयोध्या के भव्य स्वरूप को मंजूरी के बाद अब राम मंदिर के अभिषेक की भव्य तैयारी, विपक्षी नेता भी होंगे आमंत्रित