न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
गढ़वा जिले के रंका अनुमंडल क्षेत्र के सेवाडीह में तेंदुए ने एक और बच्चे को अपना शिकार बनाया है। सोमवार को तेंदुए के इस हमले में एक बच्ची की मौत से 15 दिनों में तीन बच्चों की मौत हो चुकी है। एक के बाद एक तीन बच्चों को तेंदुए द्वारा अपना शिकार बनाये जाने से क्षेत्र में भय का माहौल व्याप्त हो गया है। बता दें, पलामू टाइगर रिजर्व के लातेहार के बरवाडीह प्रखंड में इससे पहले तेंदुए ने दो बच्चों को मार डाला है।
सोमवार को जिस बच्ची की मौत हुई है, उसका नाम सीता कुमारी है। बताया जाता है कि सेवाडीह गांव के खरवार टोला निवासी जगदेव सिंह की सात वर्षीया पुत्री सीता कुमारी शौच के लिए बाहर गयी थी तभी तेन्दुए ने उसे मार डाला। सीता कुमारी शौच के लिए जब बाहर निकली तभी तेन्दुए ने उस पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर गांव वाले बाहर निकले। ग्रामीणों का शोर-गुल सुनकर तेंदुआ बच्ची को लेकर जंगल की ओर भागने लगा। लाठी, डंडे के साथ ग्रामीणों ने तेंदुए का पीछा किया। तेंदुआ बच्ची को छोड़कर भाग तो जरूर गया, लेकिन बच्ची की जान नहीं बची।
15 दिनों में 3 बच्चे तेंदुए का हुए शिकार
सीता कुमारी के तेंदुए का शिकार बनने से पहले पिछले 15 दिनों में तेंदुआ दो और बच्चों की जान ले चुका है। लातेहार जिले के बरवाडीह प्रखंड क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्ची को तेंदुए ने अपना शिकार बनाया। वहीं, गढवा जिले के भंडरिया प्रखंड के रोदो गांव में नौ वर्ष के बच्चे को तेंदुए ने मार डाला था।
यह भी पढ़ें: एक साल में दोगुने आक्रमक हुए हाथी, रांची सांसद संजय सेठ ने सदन में उठाया झारखंड में हाथियों के उत्पात का मुद्दा