न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
अगले महीने झारखंड से राज्यसभा की दो सीटों के लिए मतदान होने हैं। झारखंड की सबसे बड़ी पार्टी झामुमो और दूसरी बड़ी पार्टी भाजपा ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं, लेकिन कांग्रेस ने अपनी एक अलग ही रेस शुरू कर दी है। कांग्रेस झारखंड से अपने लिए एक उम्मीदवार तो चाहती है, लेकिन उसके लिए पांच-छह दावेदार सामने आ गये हैं। ये सभी झारखंड राजनीति के कद्दावर नाम हैं। देखना दिलचस्प होगा कि इन दिग्गजों में किसकी किस्मत खुलती है। लेकिन इन कांग्रेसी दिग्गजों ने ‘ऊंची’ पैरवी लगायी है ताकि इनके नामों पर सहमति बन सके। यह ‘ऊंची’ पैरवी कोई और नहीं, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस की वर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी की है।
झारखंड सरकार में कांग्रेस जरूर शामिल है, लेकिन सबसे बड़ी पार्टी तो झामुमो ही है, वहीं राज्य में दूसरी बड़ी पार्टी विपक्ष में बैठी भाजपा है, ऐसे में कांग्रेस की इस दावेदारी का क्या परिणाम निकलेगा, इसका आकलन करना फिलहाल मुश्किल है। लेकिन इतना समझ आता है कि यह राज्य सरकार पर दबाव बनाने की सरासर राजनीति है। जिसका असर अगले महीने होने वाले राज्यसभा चुनाव पर पड़ना तय है।
झारखंड के कौन-कौन दिग्गज हैं मैदान में?
राजेश ठाकुर – राजेश ठाकुर वर्तमान में झारखंड के कांग्रेस अध्यक्ष हैं। इन्होंने राज्यसभा के उम्मीदवार के लिए खुद को प्रोजेक्ट करने के लिए राहुल गांधी की पैरवी की गोटी भिड़ाई है।
अविनाश पांडे – आरपीएन सिंह के भाजपा में शामिल हो जाने के बाद झारखंड के कांग्रेस प्रभारी बनाये गये अविनाश पांडे भी राज्यसभा उम्मीदवारी की रेस में शामिल हो गये हैं। उम्मीदवार बनाने के लिए अविनाश पांडे के पीछे राहुल गांधी खड़े हैं।
सुबोधकांत सहाय – झारखंड की राजनीति में सुबोधकांत सहाय बहुत बड़ा नाम हैं। सुबोधकांत सहाय वीपी सिंह सरकार और मनमोहन सिंह सरकार में केन्द्रीय मंत्री रह चुके हैं। सुबोधकांत सहाय सोनिया गांधी की पैरवी पर राज्यसभा के लिए अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।
अजय कुमार – कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके और आप में पाला बदल कर फिर से कांग्रेस में वापसी करने वाले अजय सिंह ने भी राज्यसभा के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। अजय कुमार के लिए सोनिया गांधी और राहुल गांधी दोनों ने पैरवी की है।
शाहजादा अनवर – शाहजादा रामगढ़ से 2009 और 2014 में दो बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके है। हालांकि दोनों बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। शाहजादा अनवर 2020 में भी झारखंड से कांग्रेस के राज्यसभा उम्मीदवार रह चुके हैं। एक बार फिर उन्होंने राज्यसभा के लिए अपनी दावेदारी पेश की है।
इन दिग्गज कांग्रेस नेताओं के साथ एक और नाम जगदीश साहु का भी सामने आ रहा है। वह भी अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: Jharkhand: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का दूसरा चरण 19 मई को, 16 जिलों के 50 प्रखंडों की 872 पंचायतों में मतदान