न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अवैध खनन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) का समन मिला है। इस पर झामुमो ‘लाल‘ हो उठा है। राज्य के सभी जिलों के झामुमो कार्यकर्ताओं का आज रांची में जुट रहे हैं। झामुमो के इस जुटान को देखते हुए राजभवन, ED कार्यालय और राज्य के BJP कार्यालयों की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। राज्यभर में यह सुरक्षा व्यवस्था झारखंड पुलिस मुख्यालय की ओर से की गई है।
बता दें, जब से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ईडी का समन मिला है तब से राज्य का सियासी पारा चढ़ा हुआ है। मुख्यमंत्री आवास पर देर रात तक UPA विधायक दल की बैठक हुई। बैठक में यूपीए नेताओं ने आगे की रणनीति बनाई गई है। रणनीति के अनुसार सीएम हेमंत सोरेन जवाब देने ईडी कार्यालय नहीं जायेंगे, बल्कि पांच नवंबर से राज्य भर में झामुमो और कांग्रेस ED और भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ईडी के खिलाफ अलग ही लड़ाई के मूड में दिख रहे हैं। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सचिवालय के द्वारा मुख्यमंत्री का 15 दिनों का कार्यक्रम घोषित किया गया है। इस कार्यक्रम में उनके ईडी कार्यालय जाने का कोई जिक्र नहीं है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का 15 नवम्बर तक का कार्यक्रम
- 2 नवंबर- साहेबगंज में ‘आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में शिरकत।
- 3 नवंबर – रायपुर में आयोजित आदिवासी नृत्य महोत्सव में शिरकत।
- 4-7 नवंबर- पलामू, रामगढ़ और जमशेदपुर में ‘आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में शिरकत।
- 8 नवंबर- बोकारो के लुगुबुरू घंटाबाड़ी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सरना महासम्मेलन में शिरकत।
- 9 नवंबर- पाकुड़ में ‘आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के दौरान दुमका की मसलिया सिंचाई परियोजना का शिलान्यास।
- 10 नवंबर- झारखंड कैबिनेट की बैठक में शिरकत।
- 11 नवंबर- विधानसभा के विशेष सत्र में शिरकत।
- 12 नवंबर- सरायकेला खरसावां में ‘आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में शिरकत।
- 14 नवंबर को स्थापना दिवस समारोह की समीक्षा।
- 15 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस समारोह में उपस्थिति।
भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने सीएम हेमंत पर बोला हमला
सीएम हेमंत सोरेन ईडी की कार्रवाई पर जिस प्रकार आक्रामक मुद्रा में आ गये हैं, उस पर भाजपा ने उन पर सीधा हमला बोला है। भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा- यह गजब का इत्तेफाक है कि ईडी मुख्यमंत्री को 3 नवंबर को पेश होने का समन जारी करती है और समन जारी होने के कुछ ही घंटे के बाद ही मुख्यमंत्री कार्यालय मुख्यमंत्री का 15 नवंबर तक का विस्तृत कार्यक्रम जारी करता है। जाहिर तौर पर मुख्यमंत्री ईडी के सामने पेश होने से बचते दिख रहे हैं। उच्च पद पर बैठे लोगों को नज़ीर पेश करनी चाहिए। इस तरह से जांच से बचने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: IND vs BAN: टी20 वर्ल्ड कप में भारत की तीसरी जीत, रोमांचक मैच में बांग्लादेश को किया चित