न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
राज्य के दिवंगत शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो आज पंचतत्व में विलीन हो गए। बोकारो जिला के चंद्रपुरा प्रखंड के भण्डारीदह के समीप दामोदर नदी घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि कार्यक्रम संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन समेत हजारों की संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए और उन्हें अंतिम विदाई दी। इससे पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत जगरनाथ महतो जी के अलारगो स्थित पैतृक आवास पर पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मिले और उनका ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों से कहा कि दुख की इस घड़ी में हम सभी आपके साथ खड़े हैं। भगवान दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में जगह दे। दिवंगत नेता के अंत्येष्ठि संस्कार में सीएम के साथ स्पीकर रवीन्द्रनाथ महतो, मंत्री मिथिलेश ठाकुर, सत्यानन्द भोक्ता, महुआ माजी समेत कई नेता, कार्यकर्ता उपस्थित थे। आज सुबह चेन्नई से दिवंगत नेता का पार्थिव शरीर रांची पहुंचा। जिसके बाद उनके अंतिम दर्शन के लिए विधानसभा में रखा गया। अंतिम दर्शन के बाद दिवंगत नेता का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव भंडारीदह, बोकारो ले जाया गया, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। पिता को मुखाग्नि उनके पुत्र अखिलेश महतो उर्फ राजू महतो ने दी।
झारखंड विधानसभा में अंतिम दर्शन को रखा गया पार्थिव
इससे पहले आज सुबह दिवंगत शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का पार्थिव शरीर चेन्नई से रांची पहुंचा। दिवंगत नेता का पार्थिव झारखंड विधान सभा परिसर में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी और राज्य सरकार में मंत्री आलमगीर आलम, चम्पाई सोरेन, सत्यानंद भोक्ता, बन्ना गुप्ता, मिथिलेश कुमार ठाकुर, बादल, श्री हफीजुल हसन, सांसद विजय हांसदा, राज्यसभा सांसद श्रीमती महुआ माजी और पूर्व मुख्यमंत्री तथा विधायक बाबूलाल मरांडी ने पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
विधायक गणों ने अर्पित किया श्रद्धा सुमन
विधानसभा में विधायक स्टीफन मरांडी, सरयू राय, सरफराज अहमद, मथुरा प्रसाद महतो, इरफान अंसारी, सुदिव्य कुमार सोनू, जयमंगल सिंह, मंगल कालिंदी, राजेश कच्छप, श्रीमती दीपिका पांडेय, श्रीमती सविता महतो, श्रीमती पूर्णिमा नीरज सिंह, सुश्री अंबा प्रसाद, श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की, मनीष जायसवाल और किशुन दास के अलावा विधानसभा के कई अन्य सदस्य गणों, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, पुलिस महानिदेशक अजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्रीमती वंदना डाडेल, प्रधान सचिव अजय कुमार सिंह और मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे सहित कई वरीय पदाधिकारी गणों ने दिवंगत जगरनाथ महतो जी को श्रद्धा सुमन अर्पित कर नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत नेता को दिया कंधा
इससे पूर्व आज सवेरे चेन्नई से दिवंगत मंत्री जगन्नाथ महतो का पार्थिव शरीर रांची एयरपोर्ट लाया गया। यहां तिरंगे में लिपटे पार्थिव शरीर को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कंधा दिया। दिवंगत जगन्नाथ महतो के पार्थिव शरीर को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से विधानसभा परिसर लाया गया ,जहां सभी ने पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर नमन किया।
यह भी पढ़ें: Jharkhand: सलाखों के पीछे है अवैध खनन किंग पंकज मिश्रा, फिर साहिबगंज में कौन करा रहा माइनिंग का खेल