न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
भाजपा नेत्री नूपुर शर्मा की टिप्पणी के बाद देश में जारी हिंसक प्रदर्शनों की आंच झारखंड की राजधानी रांची भी पहुंची जिसके बाद ऐहतियात के तौर पर रांची में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गयी थी, उसे शनिवार देर रात फिर से शुरू कर दिया गया है। शुक्रवार को जुम्मे की नमाज के बाद प्रदर्शनकारी नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन करने सड़कों पर उतरे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण चल रहा था कि भीड़ में शामिल कुछ हुड़दंगियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी और देखते ही देखते रांची का मेन रोड रणक्षेत्र में बदल गया। हिंसक भीड़ को शांत करने के पुलिस को गोली चलानी पड़ी जिसमें दो लोगों की जान चली गयी। रांची में सुरक्षा के मद्देनजर रांची एसएसपी के नेतृत्व में पुलिस के जवानों का फ्लैग मार्च लगातार जारी है। जवानों के साथ रैफ के जवान भी फ्लैग मार्च में शामिल है।
शुक्रवार की हिंसा के बाद रांची जिले में करीब 2,500 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया और इंटरनेट सेवाओं को निलंबित कर दिया गया। इस बीच राज्य के हेमंत सोरेन सरकार ने शुक्रवार को हुई हिंसा और पुलिस द्वारा की गयी कार्रवाई की जांच के लिए दो सदस्यीय समिति का गठन किया है जिसमें वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अमिताभ कौशल और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय लाटकर शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में पत्थरबाज फिर हिंसा पर उतारू, यूपी में पुलिस उतार रही पत्थरबाजों का नशा, दिल्ली में एफआईआर