न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
सोमवार को चतरा के लावालौंग में भाकपा माओवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने पांच इनामी नक्सलियों को मार गिराया था। उसके बाद बुधवार को माओवाद के खिलाफ फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोमवार को मुठभेड़ में घायल पांच लाख के इनामी नक्सली नंदकिशोर यादव उर्फ ननकुरिया सहित चार नक्सलियों को पुलिस ने गुप्त सूचना पर गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सलियों से इंसास समेत कई आधुनिक हथियार भी पुलिस ने बरामद किए हैं। नक्सली की गिरफ्तारी के बाद पुलिस के निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
गिरफ्तार किये गये नक्सलियों के बारे में पलामू एसपी चंदन सिंह ने बताया कि पुलिस को घायल नक्सलियों के इलाज कराने की जानकारी मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सर्च अभियान शुरू किया था। जिसमें नंदकिशोर यादव उर्फ ननकूरिया को इंसास राइफल के साथ गिरफ्तार किया गया। नंदकिशोर यादव माओवादियों का सब जोनल कमांडर है। इस माओवादी पर भी झारखंड की सरकार ने पांच लाख का इनाम रखा हुआ है।
एसपी चंदन सिंह ने बताया कि सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में गोली लगने के बाद नंदकिशोर पलामू के पिपराटांड़ और पांकी थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में अपना इलाज करवा रहा था। जब पुलिस ने छापेमारी की तब नंदकिशोर समेत उसके इलाज में मद कर रहे तीन लोगों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। सोमवार को सुरक्षाबलों से मुठभेड़ में चतरा में पांच नक्सलियों को मार गिराया था। इस मुठभेड़ में कई नक्सली जान बचाकर भाग निकलने में सफल हो गये थे, जिनमें कुछ के घायल होने की खबर है।
यह भी पढ़ें: रांची के बगदा घाटी से मिली दो बच्चों समेत महिला की अधजली लाश