न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
ठंड जा रही है, गर्मी आ रही है। यह तो स्वाभाविक प्राकृतिक प्रक्रिया है, लेकिन इस बार होली से पहले ही ठंड का इस तरह विदा हो जाना अच्छे संकेत नहीं है। राज्य के कई जिलों में मौसम का मिजाज दिन-ब-दिन बदल रहा है। गनीमत इतनी है कि दिन और रात में थोड़ी ठंड लोग महसूस कर रहे हैं। आज का ही तापमान लें तो यह दिल्ली के तापमान को पार गया है। पिछले 24 घंटे का रांची का जो तापमान रिकॉर्ड किया गया है, वह 32.8 डिग्री अधिकतम और 16.9 डिग्री न्यूनतम है। यह तापमान राजधानी दिल्ली के तापमान से ज्यादा है। रांची का यह तापमान है जिसमें ठंडा का अहसास बेहद ही कम होता है।
अभी का मौसम तो गनीमत है, लेकिन रांची मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने मौसम की जो सम्भावना जतायी है उसमें अगले 5 दिनों में 6 डिग्री पारा ऊपर चढ़ जायेगा। मौसम विभाग के अनुसार हवा का रुख भई बदल रहा है जिसके कारण पूरे राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। राज्य में पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा तापमान मेदिनीनगर में दर्ज किया गया, जहां का पारा 35.5 डिग्री तक पहुंच गया। जमशेदपुर में भी पारा 35 डिग्री के पार पहुंच गया है।
मौसम विभाग बता रहा है कि इस समय उत्तर और पश्चिम से शुष्क और गर्म हवा आ रही है। इसके कारण मौसम से यह बदलाव आया है। समय बीतने के साथ पश्चिम की गर्म हवा जोर पकड़ेगी और वातावरण और गर्म होगा। सबसे बड़ी बात यह है कि झारखंड में अक्टूबर मध्य के बाद से बारिश नहीं हुई है। इस वजह से धरती की सतह सूख रही है। धरती और वातावरण में नमी कम हो गयी है जिससे गर्म हवा से वातावरण गर्म हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल बंगाल की खाड़ी में बारिश के सिस्टम बनने के आसार भी नजर नहीं आ रहे।
यह भी पढ़ें: बोकारो में बर्ड फ्लू से करीब 700 मुर्गियों की मौत, झारखंड के कई जिलों में ALERT