11,391 पदों के लिए 35,504 उम्मीदवारों की प्रतिष्ठा दांव पर
न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
झारखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव अब अपने अंतिम पड़ाव पर आ गया है। शुक्रवार को 23 जिलों के 72 प्रखंडों की 1299 पंचायतों में वोटिंग के साथ झारथंड के तीसरे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच जायेगी। दो चरणों में हुए मतदान के बाद उसके परिणाम घोषित किये जा चुके हैं। 31 मई को तीसरे और चौथे चरण की वोटिंग की मतगणना की जायेगी।
बता दें, चौथे और अंतिम चरण में जिला परिषद सदस्य के 158, मुखिया के 1293, पंचायत समिति सदस्य के 1449 और वार्ड सदस्य के 8491 पदों के लिए मतदान शुक्रवार को होगा। इन सभी पदों के लिए जिला परिषद सदस्य के लिए 1028, मुखिया के लिए 7987, पंचायत समिति सदस्य के लिए 5587 और वार्ड सदस्य के लिए 20902 प्रत्याशियों की प्रतिष्ठा दांव पर है। चुनाव आयोग ने संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों चिह्नित कर लिया है और उसके अनुरूप मतदान केंद्रों में सुरक्षा के विशेष प्रबंध किये गये हैं।
रांची जिले के 5 प्रखंडों में होगा मतदान
चौथे चरण में रांची के पांच प्रखंडों खलारी, बुढ़मू, रातू, मांडर व चान्हो में वोट डाले जायेंगे। इस चरण में जिला परिषद सदस्य के 11 पद, मुखिया के 84, पंचायत समिति सदस्य के 104, वार्ड सदस्य के 1038 पद के लिए मतदान होगा।
इस तरह करना है मतदान
एक वोटर को चार वोट देना है और इसके लिए चार रंग के मतपत्र होंगे –
पहला वोट : वार्ड सदस्य के लिए देना है। वार्ड सदस्य का चुनाव 500 की आबादी पर होगा, जिसके लिए मतपत्र का रंग सफेद होगा।
दूसरा वोट : मुखिया के लिए देना है। मुखिया का चुनाव 5000 की आबादी पर होगा, जिसके लिये मतपत्र का रंग हल्का गुलाबी होगा।
तीसरा वोट : पंचायत समिति के सदस्य के लिए देना है। पंचायत समिति के सदस्य का चुनाव भी 5000 की आबादी पर होगा, जिसके लिए मतपत्र का रंग हल्का हरा होगा।
चौथा वोट : जिला परिषद के सदस्य के लिए देना है। जिला परिषद के सदस्य का चुनाव 50,000 की आबादी पर होगा, जिसके लिये मतपत्र का रंग हल्का पीला होगा।