झारखंड की निगाहें हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप खिताब पर, कल हरियाणा से है मुकाबला

झारखंड की महिला हॉकी टीम ने कमाल का खेल दिखाते हुए हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2025 के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। फाइनल में उसका मुकाबला हरियाणा से होगा। फाइनल मुकाबला 12 मार्च को पंचकूला के ताऊ देवी लाल हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा। बता दें कि 2015 के बाद झारखंड की टीम इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है। अब उसकी निगाहें डिफेंडिंग चैम्पियन हरियाणा को मात देकर पहली बार खिताब जीतने पर होंगी।

झारखंड की टीम का सेमीफाइनल तक का सफर काफी शानदार रहा है। झारखंड ने पहले मुकाबले में हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु को 9-2 से हराकर धमाकेदार शुरुआत की थी। इसके बाद उसने मिजोरम और मध्य प्रदेश को हराया। सेमीफाइनल में झारखंड का मुकाबला महाराष्ट्र से हुआ। यह मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण रहा। निर्धारित समय तक दोनों ही टीमें गोल नहीं कर सकीं। शूटआउट में झारखंड ने 3-2 से जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। गोलकीपर अंजलि भींजिया ने शानदार बचाव करते हुए झारखंड की जीत में अहम भूमिका निभायी। उन्होंने महाराष्ट्र के तीन प्रयासों को नाकाम कर दिया। अलबेला रानी टोप्पो टूर्नामेंट में अब चार गोल कर चुकी हैं और फाइनल में अपनी गोल संख्या बढ़ाने के इरादे से उतरेंगी।

उधर, गत विजेता हॉकी हरियाणा ने भी टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है और चार मैचों में सिर्फ एक गोल ही खाया है। हरियाणा ने कर्नाटक को 5-1 से हराकर अपनी शुरुआत की थी। इसके बाद ओडिशा पर 3-0 से हराया। क्वार्टर फाइनल में पंजाब के खिलाफ 1-0 से करीबी जीत के बाद सेमीफाइनल में जगह बनायी। हरियाणा की टीम ने मिजोरम को 4-0 से मात देकर फाइनल में जगह बनायी। कप्तान रानी अब तक टूर्नामेंट में तीन गोल कर चुकी हैं और टीम को खिताब बचाने का प्रयास करेंगी।

फाइनल मैच को लेकर दोनों की टीमों के कोचों को अपनी टीम की जीत का भरोसा है। हॉकी हरियाणा के कोच आज़ाद मलिक ने कहा, झारखंड की टीम मजबूत है, लेकिन हम खिताब बरकरार रखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वहीं, हॉकी झारखंड के कोच सुधीर गोला ने कहा, हरियाणा एक मजबूत टीम है, लेकिन हमारे खिलाड़ी भी आत्मविश्वास से भरपूर हैं। हम खिताब जीतने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देंगे।

न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार

यह भी पढ़ें: महिला एवं बाल कल्याण हमारी प्राथमिकता, UNCSW में बोलीं केन्द्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी