न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
झारखंड की तीन प्रतिभावान खिलाड़ियों को जूनियर भारतीय महिला हॉकी टीम का राष्ट्रीय कैंप साईं सेंटर में आमंत्रित किया गया है। यह कैम्प बेंगलुरु में 10 अप्रैल से 27 मई तक लगेगा। हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह को यह जानकारी हॉकी इंडिया के एक्जिक्यूटिव डायरेक्टर कमांडर आरके श्रीवास्तव ने पत्र लिखकर दी। विजय शंकर ने बताया कि झारखंड की तीन हॉकी खिलाड़ियों दीपिका सोरेंग, महिमा टेटे और काजल बाड़ा को राष्ट्रीय कैंप के लिए बुलाया गया है। तीनों खिलाड़ी सिमडेगा जिले की हैं।
इन तीन खिलाड़ियों में से दो खिलाड़ी दीपिका सोरेंग और महिमा टेटे भारतीय जूनियर टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। बता दें, दीपिका सोरेंग और काजल बाड़ा सिमडेगा के ही केरसई प्रखंड अंतर्गत करंगागुडी की रहने वाली हैं। वहीं, महिमा टेटे सिमडेगा जिला सदर प्रखंड के बरकीछापर गांव की रहने वाली हैं। महिला टेटे ओलंपियन सह एशिया महादेश की एथलीट एंबेसडर सलीमा टेटे की छोटी बहन हैं।
तीनों खिलाड़ियों के इंडिया कैंप में आमंत्रण पर हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी, चंद्राणी मजूमदार, संयुक्त सचिव माइकल लाल, बिगन सोय, कोषाध्यक्ष असरिता लकड़ा, सीईओ रजनीश कुमार सहित हॉकी झारखंड के समस्त पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं दी हैं।
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में लगी ऐसी भीषण आग, बुलानी पड़ी सेना, 3000 दुकानें जलकर राख