न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
नक्सल विरोधी अभियानों के बीच एक बड़ी खबर कोल्हान से आयी है। भाकपा के एक हार्डकोर माओवादी का आत्मसमर्पण कराने में सुरक्षा बलों को सफलता मिली है। भाकपा माओवादी एरिया कमांडर कुलदीप गंझू ने चाईबासा पुलिस केन्द्र में कोल्हान डीआईजी, सीआरपीएफ डीआईजी, डीसी और एसपी की मौजूदगी में आत्मसमर्पण किया है। बताया जा रहा है कि नक्सल विरोधी अभियानों और झारखंड सरकार की आत्मसमर्पण नीति से प्रभावित होकर कुलदीप गंझू ने आत्मसमर्पण किया है। चाईबासी एसपी आशुतोष शेखर ने माओवादी के सरेंडर की पुष्टि करते हुए कहा कि राज्य में नक्सलियों के खिलाफ जो सुरक्षा बलों के अभियान चल रहे हैं, उससे नक्सवाद कमजोर हुआ और भटके हुए नक्सलियों को मुख्यधारा में लाने के प्रयास में भी लगातार सफलता मिल रही है। इसी का परिणाम है कि आज भाकपा माओवादी कुलदीप गंझू ने सरेंडर किया है।