न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
देश में हर दिन कोरोना के नये संक्रमण में बढ़ोतरी हो रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को जो आंकड़े जारी किये हैं, इसमें पिछले 24 घंटे में कोरोना के 5,880 नए मरीज सामने आए हैं। जबकि 12 संक्रमितों ने दम भी तोड़ दिया। इस अवधि में 3,481 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। देश में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 35,199 हो गई है। कोरोना संक्रमण का जो खतरा देश में बढ़ा है, उसका असर झारखंड में भी दिख रहा है। यहां भले ही कोरोना संक्रण में तेजी नहीं आयी है, लेकिन इसकी रफ्तार रोकने का प्रयास जरूर दिखने लगा है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री कोरोना की स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और उन्होंने सावधानी बरतते हुए कई दिशा-निर्देश भी जारी किये हैं।
रविवार शाम को झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सभी उपायुक्तों और सिविल सर्जन के साथ बैठक की। स्वास्थ्य मंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोरोना से प्रभावित आठ राज्यों- दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र और तमिलनाडु से झारखंड आने वाले लोगों की विशेष नजर रखी जाये।
इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्री ने सभी जिले के उपायुक्तों और सिविल सर्जनों को अपने-अपने जिले में कोरोना की जांच की रफ्तार को बढ़ाने के लिए भी कहा है। स्वास्थ्य मंत्री ने रांची, जमशेदपुर और देवघर उपायुक्त और सीएस को विशेष रूप से एहतियात बरतने का निर्देश दिया है।
यह भी पढ़ें: Jharkhand: देश में बढ़ा कोरोना का संकट, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता का निर्देश- आठ राज्यों से आने वालों पर रखें नजर