न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
ऐसा लग रहा है कि रामगढ़ में हो रहे उपचुनाव की बागडोर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद ही सम्भाल रखी है। सीएम हेमंत अब तक तीन जनसभाएं कर चुके हैं और इन जनसभाओं में उन्होंने एनडीए पर जमकर हमले किये। सीएम गुरुवार को रामगढ़ के चितरपुर में महागठबंधन प्रत्याशी बजरंग महतो के पक्ष में जनसभा कर रहे थे। सीएम ने कहा कि आज जनता जागरूर हो चुकी है, वह समझ चुकी है कि कौन उनका हित कर सकता है। हमारे राज्य के सवा तीन करोड़ की जनता जागरूक और चालाक हो चुकी है। यही कारण है कि 2019 विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन को उसने उखाड़ फेंका।
चुनावी सभा को मंत्री आलमगीर आलम, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, मंत्री बन्ना गुप्ता, बादल पत्रलेख, प्रत्याशी बजरंग महतो, पूर्व विधायक योगेंद्र महतो, संजीव बेदिया ने भी संबोधित किया।
साजिश करके सरकार को गिराने का प्रयास
सीएम हेमंत ने विपक्षी एनडीए पर आरोप लगाय कि केंद्र सरकार के इशारे पर हमारी सरकार को गिराने का प्रयास किया जा रहा है। हमारे पीछे एजेंसियां लगा दी गयी है, लेकिन हमारी सरकार आदिवासी, मूलवासी, पिछड़ा, अल्पसंख्यक के आशीर्वाद से चल रही है, इसे कुछ होने वाला नहीं।
झारखंड में हमने आजीविका के किये प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की जरूरतमंद जनता को विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, राशन कार्ड, पशुधन योजना, कृषि योजना हमने दी। रोजगार के लिए लोन भी महागठबंधन की सरकार दिया है। रामगढ़ में जब ममता देवी विधायक थीं उस समय मात्र 3300 विधवाओं को पेंशन मिलता था। आज 15500 विधवाओं को यह सरकार पेंशन दे रही है। उसी तरह 2019 में मात्र 6000 वृद्ध को पेंशन का लाभ मिलता था। आज 45500 लोगों को पेंशन मिल रहा है।
यह भी पढ़ें: Jharkhand: चीफ इंजीनियर वीरेंद्र राम को और ‘खंगालने’ के लिए ईडी को मिली 5 दिनों की रिमांड