न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को खतियार जोहार यात्रा के तहत गढ़वा के तिलदाग पंचायत पहुंचे थे। लोक संवाद कार्यक्रम के तहत वह लोगों से मिले और उनकी समस्याएं भी सुनीं और सरकारी योजनाओं का वहां क्या हाल है इसकी समीक्षा भी की। इसी क्रम में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ‘सावित्री बाई फूले किशोरी समृद्धि योजना’ की लाभुक बच्चियों से भी मिले। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों की शिक्षा के लिए राज्य सरकार योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। सभी बच्चों को पढ़ने एवं उनके उच्चत्तर शिक्षा के लिए राज्य सरकार आर्थिक मदद कर रही है। पैसे के अभाव में किसी की पढ़ाई नहीं रुकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना’ लाभ लेकर खुद को सक्षम बनायें।
संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जेएसएलपीएस की दीदियों, मुख्यमंत्री स्वरोजगार के लाभुकों से भी मिले। सभी लाभुकों ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना की सराहना की तथा मुख्यमंत्री के समक्ष अपने अनुभव साझा किए। इस मौके पर बेबी कुमारी नामक एक युवती ने कहा कि मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि उसकी सात बहनें हैं, सभी आगे पढ़ना चाहती हैं। मुख्यमंत्री ने इनकी फरियाद को गंभीरता से लेते हुए गढ़वा जिला उपायुक्त को इनका आवेदन लेकर शीघ्र इन्हें हरसंभव मदद पहुंचाने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम में मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, मंत्री बादल, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, गढ़वा जिला के उपायुक्त रमेश घोलप, गढ़वा के पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार झा सहित तिलदाग पंचायत के ग्रामीण उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें: Jharkhand: BIT छात्रा पल्लवी कुमारी की हत्या का मुख्य आरोपी गिरफ्तार