न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
झारखंड विधानसभा का आज 22 वां स्थापना दिवस है। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि राज्यपाल रमेश बैस व मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने समारोह का आगाज किया। इस विशेष मौके पर माले विधायक विनोद सिंह को उत्कृष्ट विधायक के रूप में सम्मानित भी किया गया। साथ ही स्पीकर रबींद्र नाथ महतो द्वारा रचित ‘संसदीय दायित्व के तीन वर्ष’ पुस्तक का लोकार्पण भी किया गया।
विशिष्ट प्रस्तुतियां समारोह को बनायेंगी खास
झारखंड विधानसभा का 22वां स्थापना दिवस समारोह तीन दिनों तक चलेगा। स्थापना दिवस समारोह में विधानसभा परिसर में कई कार्यक्रम होंगे। बुधवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम व डॉ कुमार विश्वास का काव्य पाठ होगा। 23 की शाम मुकुंद नायक व मधु मंसूरी की टीम की सांस्कृतिक प्रस्तुत होगी। 24 नवंबर को छात्र सांसद आयोजित किया जायेगा।
झारखंड की सर्वोच्च पंचायत है विधानसभा : हेमंत
इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण आज भी कई चुनौतियों से गुजर रहे हैं। कार्यपालिका के साथ-साथ विधायिका को भी इनकी तस्वीर बदलने की कोशिश करनी चाहिए। सीएम न कहा आज खुशी का दिन है। उत्साह का दिन है। एकीकृत बिहार में काफी दूरी होने के कारण लोगों को बहुत परेशानी होती थी। आदिवासी-दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यकों का शोषण लंबे अरसे तक चला। लंबे संघर्ष के बाद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नेतृत्व में झारखंड मिला। विधानसभा बनी। विधायिका व कार्यपालिका ने मिलकर राज्य को दिशा देने का काम किया। झारखंड की सर्वोच्च पंचायत है विधानसभा।
माले विधायक बिनोद सिंह उत्कृष्ट विधायक सम्मान से सम्मानित
इस समारोह में राज्यपाल रमेश बैस ने बगोदर विधानसभा क्षेत्र से माले विधायक बिनोद कुमार सिंह को उत्कृष्ट विधायक के सम्मान से सम्मानित किया। राज्यपाल ने विधायक बिनोद कुमार सिंह को 51 हजार रुपये, शॉल, प्रशास्त्रि पत्र और चांदी का मोमेंटो देकर सम्मानित किया। विधानसभा के पांच कर्मी भी इस मौके पर अपने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किये गये। धनेश्वर राणा, अमित कुमार दास, अनवर उल हसन, हेमन्त कुमार चौरसिया, अजित कुमार को सम्मानित किया। इसके साथ ही शहीदों के परिजनों, राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों और शांतिकाल में वीरता पदक प्राप्त करने वाले झारखंड के बहादुर पुलिसकर्मियों एवं सैनिकों को सम्मानित किया गया।
लॉन बॉल खिलाड़ी रूपा रानी तिर्की, लवली चौबे, फुटबॉल खिलाड़ी अष्टम उरांव, अनीता कुमारी के अलावा सुधा अंकिता तिर्की को भी सम्मानित किया गया।
यह भी पढ़ें: Jharkhand: मुख्यमंत्री हेमन्त ने बस हादसे में मृत सिख समुदाय के 7 आश्रितों को दी 3-3 लाख की सहायता राशि