Jharkhand BJP Protest: भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, नियोजन नीति, असहिष्णुता फैलाने समेत कई मुद्दों को लेकर आज भाजपा सचिवालय का घेराव कर हेमंत सरकार के खिलाफ शक्ति प्रदर्शन करने वाली है। इसके लिए हजारों की संख्या में पूरे झारखंड से भाजपा कार्यकर्ता अपने सांसदों और विधायकों के नेतृत्व में रांची पहुंचे हैं। भाजपा जहां शक्ति प्रदर्शन सरकार को अपनी ताकत का अहसास कराना चाहती है, वहीं सरकार भी भाजपा के इस जन समुद्र को थामने का इंतजाम कर चुकी है। राज्य भर के भाजपा नेता और कार्यकर्ता प्रभात तारा मैदान समेत कई स्थानों पर जुट चुके हैं। यहीं से फिर सचिवालय घेराव के लिए निकलेंगे।
सचिवालय घेराव को लेकर शहर में सड़कों पर उमड़ने वाले जन सैलाब से राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था चरमरा सकती है। इसलिए इसके नियंत्रित करने के लिए सैकड़ों जवान की तैनाती की गयी है।
शहर के भिन्न-भिन्न इलाकों से भाजपा के कार्यकर्ता अपने बड़े नेताओं के नेतृत्व में सचिवालय मार्च करने वाले हैं। इसको लेकर सचिवालय घेराव को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। भारी ट्रैफिक को देखते हुए बिरसा चौक से धुर्वा गोल चक्कर तक आज 9:00 से रूट डायवर्ट रहेगा।
प्रोजेक्ट भवन के आसपास धारा 144 लागू है
प्रोजेक्ट भवन जाने वाले सभी मार्गों को सुरक्षा के ख्याल से बैरिकेडिंग की गई है। भाजपा के सचिवालय घेराव को देखते हुए धुर्वा स्थित संत थॉमस स्कूल और सरस्वती शिशु मंदिर बंद रहेंगे। रांची जिला प्रशासन की ओर से भाजपा के मंगलवार को प्रोजेक्ट भवन के समक्ष धरना-प्रदर्शन एवं घेराव के मद्देनजर निषेधाज्ञा लागू की गयी है। धरना-प्रदर्शन और घेराव के क्रम में सरकारी काम-काज में व्यवधान उत्पन्न होने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था बाधित होने एवं विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने तथा लोक परिशांति भंग होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। इसे देखते हुए सदर एसडीओ धारा-144 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए धुर्वा गोलचक्कर से प्रोजेक्ट भवन से चांदनी चौक, हटिया को जोड़ने वाली सड़क और इस सड़क के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा जारी किया गया है।
न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
यह भी पढ़ें: NCP, TMC, CPI से राष्ट्रीय पार्टी का स्टेटस छिना, AAP को मिला राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा