न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
अटकलों को दरकिनार करते हुए भाजपा ने झारखंड से अपना उम्मीदवार घोषित किया है। झारखंड से भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू राज्यसभा के भाजपा उम्मीदवार बनाये गये हैं। झारखंड भाजपा में काफी दिनों से प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के नाम की चर्चा हो रही थी, लग भी रहा था कि उनका नाम ही फाइनल होगा, लेकिन भाजपा नेतृत्व ने आदित्य साहू को झारखंड से अपना उम्मीदवार बनाकर सबको आश्चर्यचकित कर दिया।
दरअसल, झारखंड को लेकर भाजपा अपने पत्ते पहले नहीं खोलना चाहती थी, यह उसकी रणनीति का हिस्सा था, लेकिन जैसी ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शीर्ष कांग्रेस नेतृत्व से वार्ता के बाद यह स्पष्ट किया कि चुनाव के लिए महागठबंधन एक ही उम्मीदवार देगा, वैसे भी भाजपा ने अपने उम्मीदवार का नाम घोषित कर दिया। बता दें कि भाजपा ने रविवार को दूसरे राज्यों के अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी, लेकिन झारखंड से कोई नाम घोषित नहीं किया था। इसी बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बयान आ गया कि महागठबंधन दो नहीं, बल्कि एक ही उम्मीदवार देगा, भाजपा ने अपनी रणनीति बदलते हुए अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी।
आय से अधिक संपत्ति मामले में विधानसभा से बर्खास्त बंधु तिर्की के कारण वर्तमान में प्रदेश में कुल 80 विधायकों की संख्या है, इसीलिए राज्य की वर्तमान विधानसभा में 26.67 मत पाने वाले उम्मीदवार का राज्यसभा में जाना तय माना जा रहा है। संख्या बल के अनुसार, झामुमो के पास 30, कांग्रेस के पास 17 और राजद के पास एक विधायक है। वहीं, मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा के कुल 26 विधायक हैं। उल्लेखनीय है कि 15 राज्यों की 57 राज्यसभा सीटों के लिए 10 जून को मतदान होगा और उसी दिन नतीजे आएंगे। 10 जून को आंध्र प्रदेश से 4, तेलंगाना से 2, छत्तीसगढ़ से 2, मध्य प्रदेश से 3, तमिलनाडु से 6, कर्नाटक से 4, ओडिशा से 3, महाराष्ट्र से 6, पंजाब से 2, राजस्थान से 4, उत्तर प्रदेश से 11, उत्तराखंड से 1, बिहार से 5, झारखंड से 2 और हरियाणा से 2 सीटों के लिए मतदान होगा।
भाजपा ने राज्यसभा के 16 उम्मीदवार किए घोषित
झारखंड के अलावा भाजपा ने राज्यसभा चुनावों के लिए 16 उम्मीदवारों के नामों की भी घोषणा की है। इसमें केन्द्रीय मंत्री निर्मला सीतारामन और पीयूष गोयल के नाम शामिल हैं।
उम्मीदवारों के नाम इस प्रकार हैं-
- मध्यप्रदेश – कविता पाटीदार
- कर्नाटक – निर्मला सीतारामन, जग्गेश
- महाराष्ट्र – पीयूष गोयल, डॉ. अनिल सुखदेवराव बोंडे
- राजस्थान – घनश्याम तिवारी
- उत्तर प्रदेश – डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, डॉ. राधामोहन अग्रवाल, सुरेंद्र सिंह नगर, बाबूराम निषाद, दर्शना सिंह, संगीता यादव
- उत्तराखंड – डॉ. कल्पना सैनी
- बिहार – सतीश चंद्र दुबे, शंभू शरण पटेल
- हरियाणा – कृष्ण लाल पंवार
यह भी पढ़ें: Vat Savitri Vrat: …ताकि वट की तरह अखंड रहे सौभाग्य, सावित्री यमराज से छीन कर लायी थी अपने पति सत्यवान् के प्राण