न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
मांडर विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस नेता बंधु तिर्की की बेटी शिल्पी राज तिर्की ने महागठबंधन की ओर से अपना नामांकन कर दिया। अब निगाहें भाजपा के उम्मीदवार पर टिक गयी हैं। भाजपा ऐसा उम्मीदवार देना चाहेगी जो महागठबंधन उम्मीदवार को टक्कर दे सके। इसको लेकर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी चुनाव समिति की बैठक हुई। बैठक में मांडर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के कई नाम पर चर्चा हुई। कुछ नामों पर सहमति भी बनी है। लेकिन भाजपा के उम्मीदवार का फैसला केन्द्रीय चुनाव कमेटी पर छोड़ दिया गया है। केन्द्रीय चुनाव कमेटी की घोषणा के बाद ही यह तय हो पायेगा कि भाजपा से मांडर उम्मीदवार कौन होगा।
भाजपा प्रत्याशी के नाम तय करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, विधायक दल के नेता और पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह को अधिकृत किया गया था, जिन्होंने कुछ नाम तय भी कर लिये है, लेकिन अंतिम मुहर केंद्रीय नेतृत्व से विचार-विमर्श के बाद लगेगी। संभावना है कि आज शाम तक प्रत्याशी के नाम की घोषणा हो जाये।
सम्भावना यह भी जतयी जा रही है कि मांडर उपचुनाव के लिए कांग्रेस की महिला प्रत्याशी शिल्पी नेहा तिर्की को टक्कर देने के लिए भाजपा भी महिला कैंडिडेट उतार सकती है। इनमें जो दो नाम सबसे ऊपर हैं, वे हैं- भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष गंगोत्री कुजूर और रांची की मेयर और बीजेपी की राष्ट्रीय मंत्री आशा लकड़ा। 2014 में गंगोत्री कुजूर बंधु तिर्की को हराकर यह सीट जीत भी चुकी हैं। 2019 में भी वह सीट की प्रबल दावेदार थीं, लेकिन भाजपा ने देवकुमारधान को अपना प्रत्याशी बनाकर चुनाव मैदान में उतारा था।
एक जून से मांडर उपचुनाव के लिए नामांकन शुरू हो चुका है। 6 जून तक नामांकन किये जायेंगे। 7 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 23 जून को मतदान होगा और 26 जून को मतगणना होगी।
यह भी पढ़ें: Jharkhand: मांडर उपचुनाव: बंधु तिर्की की बेटी शिल्पी ने मांडर उपचुनाव का भरा पर्चा, नामांकन से पहले लिया गुरुजी का आशीर्वाद
https://samacharplusjhbr.com/jharkhand-mandar-by-election-shilpi-daughter-of-bandhu-tirkey-filled-the-form-for-mandar-by-election/