न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
पूरे देश में विभिन्न ट्रेड यूनियनों का दो दिवसीय भारत बंद का चल रहा है। कुछ मजदूर संगठनों ने इस बंद का समर्थन किया हो तो कुछ संगठनों ने इससे दूरी बनायी है। झारखंड में भी इस बंद का असर दिख रहा है, लेकिन झारखंड की राजधानी रांची के एचईसी क्षेत्र से बंद में शामिल मजदूर संगठन द्वारा बंद में नहीं शामिल मजदूर संगठन के लोगों के साथ मारपीट की खबर आयी है। दरअसल, ये मजदूर संगठन काम करने के लिए एचईसी कारखाना पहुंचे थे। जिस कारण हड़ताल का समर्थन कर रहे लोगों ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में कई मजदूर घायल हो गये हैं। हमले के बाद घायल मजदूरों को एचईसी के वेलनेस सेंटर में इलाज के लिए लाया गया। वहीं हमला करने वाले लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई गयी है।
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि सोमवार को शुरू हुए दो दिवसीय भारत बंद के दौरान भारतीय मजदूर संघ (BMS) से जुड़े लोग, जो हड़ताल में शामिल नहीं थे, काम करने के लिए कारखाने पहुंचे। वे जैसे ही अपने कारखाना पहुंचे कुछ अन्य ट्रेड यूनियन के नेताओं ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में कई मजदूर घायल हो गये। घायल मजदूरों ने बताया दूसरे मजदूर संघ के भुवन सिंह, हरेंद्र यादव सहित कई श्रमिक नेताओं ने उन पर हमला किया है। ये सभी कम्युनिस्ट मजदूर संगठन के समर्थक हैं।
यह भी पढ़ें: हाईवे पर आपको रोकने वाला टॉल प्लाजा अब नहीं रहेगा, GPS सिस्टम से कट जायेगा टॉल, सफर होगा और फास्ट