Jharkhand Weather Department: मौसम विभाग मौसम के पूर्वानुमानों की जानकारी देता है, यह तो हम सभी जानते हैं, लेकिन अब मौसम विभाग से आप बीमारियों का पूर्वानुमान भी जान सकेंगे। जाहिर है, बीमारियों के बारे में जान लेने से पहले से सचेत हुआ जा सकेगा, इसका फायदा निश्चित तौर पर लोगों को मिलेगा। फिर स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य महकमा भी पहले से सचेत हो सकेगा।
यह जानकारी रांची मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने दी है। अभिषेक आनन्द ने जानकारी देते हुए यह कहा कि जिस प्रकार से इस समय राज्य के विभिन्न इलाकों में मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया आदि बीमारियां फैली हुई हैं। इसका अंदेशा हमेशा बना रहता है। मौसम के अनुसार जापानी इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारियां भी घातक रूप ले लेती है। इसलिए एक ऐसा डेटाबेस तैयार किया जा रहा है जो लोगों के काफी काम आयेगा। लोग मौसम विकास से भी सम्पर्क कर बीमारियों से सम्बंधित जानकारियां ले पायेंगे।
अभिषेक आनन्द ने यह भी बताया कि बीमारियों के पूर्वानुमानों का उनका आधार क्या होगा। उन्होंने कहा कि जब हमारे पास पिछले 5 या 10 वर्षों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में फैली बीमारियों की जानकारियां होंगी तो उसका तुलनात्मक विश्लेषण कर किसी निष्कर्ष पर आसानी से पहुंचा जा सकेगा। इससे पता चल सकेगा कि आने वाले दिनों में किस मौसम में और किस क्षेत्र में कौन-सी बीमारी असर डाल सकती है। इसलिए मौसम विज्ञान केंद्र रांची शोध करने के बाद एक ऐसा सिस्टम विकसित करने की कोशिश कर रहा है, जिससे समय रहते क्षेत्र विशेष में फैलने वाली बीमारियों का पूर्वानुमान लगाया जा सके।
न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
यह भी पढ़ें: अबकी बार मोदी सरकार का सस्ता ‘भारत आटा’ आपके द्वार, जान लें कहां से खरीद कर ला पायेंगे अपने घर
Jharkhand Weather Department