India vs Sri Lanka: भारत ने श्रीलंका दौरे पर जीत के साथ शुरुआत की। उसने 18 जुलाई 2021 को कोलंबो के आर प्रेमदास स्टेडियम में खेले गए तीन मैच की सीरीज के पहले वनडे में श्रीलंका को 7 विकेट से हराया। भारत ने 80 गेंदें शेष रहते मैच जीत लिया। बतौर कप्तान पहला वनडे खेल रहे शिखर धवन 86 और अपना पहला वनडे इंटरनेशनल खेल रहे सूर्यकुमार यादव 31 रन बनाकर नाबाद रहे।
धवन ने 95 गेंद की अपनी पारी के दौरान 6 चौके और एक छक्का, जबकि सूर्यकुमार यादव ने 20 गेंद में 5 चौके लगाए। इससे पहले श्रीलंका ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। श्रीलंका ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 262 रन बनाए। भारत ने 36.4 ओवर में 3 विकेट पर 263 रन बना मैच अपने नाम कर लिया। भारत की ओर से पृथ्वी शॉ ने 24 गेंद में 43, इशान किशन ने 42 गेंद में 59 और मनीष पांडे ने 40 गेंद में 26 रन बनाए। पृथ्वी ने 9 चौके लगाए। इशान ने 8 चौके और 2 छक्के, जबकि मनीष ने एक चौका और एक छक्का लगाया।
श्रीलंका की ओर से चामिका करुणारत्ने टीम के हाइएस्ट स्कोरर रहे। उन्होंने एक चौके और 2 छक्के की मदद से 35 गेंद में नाबाद 43 रन बनाए। भारत की ओर से कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल और दीपक चाहर ने 2-2 विकेट लिए। हार्दिक पंड्या और क्रुणाल पंड्या भी एक-एक विकेट लेने में सफल रहे।
भुवनेश्वर ने पारी का आखिरी ओवर फेंका। उन्होंने आखिरी गेंद पर दसमंथा चमीरा का रन आउट किया। हालांकि, उन्होंने आखिरी ओवर में 19 रन लुटाए। वह सबसे महंगे साबित हुए। भुवी ने 9 ओवर में 63 रन दिए। उन्हें कोई विकेट भी नहीं मिला। इस मैच से श्रीलंका के लिए भानुका राजपक्षा ने डेब्यू किया। भारत के लिए इशान किशन और सूर्यकुमार यादव ने वनडे इंटरनेशनल में कदम रखा।