न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
भारत 6 मार्च को पाकिस्तान के साथ ICC Women’s World Cup में अपनी शुरुआत करेगा। भारत पाकिस्तान के साथ मैच के साथ विश्व कप की पहली खिताबी जीत की दावेदारी पेश करेगा। न्यूजीलैंड में विश्व कप का 4 मार्च से आगाज हो चुका है। मिताली राज की कप्तानी में टीम इंडिया पर पहला खिताब जीतने का दबाव है। 1973 में शुरू हुए महिला विश्व कप के अब तक नौ विश्व कप टूर्नामेंट हो चुके हैं। लेकिन भारत के हाथ अब तक वनडे तो क्या टी-20 का भी खिताब हाथ नहीं लगा है। भले ही दो बार वनडे वर्ल्ड कप और एक टी20 वर्ल्ड कप का खिताब भी अपने नाम कर चुकी पुरुष टीम इंडिया की तरह महिला टीम इंडिया के हाथ आईसीसी ट्रॉफी से खाली हैं, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में महिलाओं की टीम ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पर अपनी छाप छोड़ी है। इसलिए भारतीय महिला टीम से इस बार भी उम्मीदें ज्यादा हैं। चार मार्च से शुरू हो चुके महिला वर्ल्ड कप मिताली राज की कप्तानी में टीम इंडिया पर 44 साल के आईसीसी कप के इंतजार को खत्म करने का दबाव भी है। अब तक दो बार फाइनल में पहुंचना ही महिला टीम इंडिया की उपलब्धि है। 2017 में तो कप के करीब पहुंच कर महिला टीम इंडिया के हाथ से जीत फिसल गयी थी।
महिला टीम इंडिया का अब तक का सफर
महिला वर्ल्ड कप की शुरुआत साल 1973 में हुई थी। उस समय हर छह साल में इस टूर्नामेंट का आयोजन किया जाता था। वर्ल्ड कप में भारत ने पहली बार 1978 में हिस्सा लिया था। उस साल भारत ने विश्व कप की मेजबानी की थी।
1973 – भारतीय महिला टीम ने इस विश्व कप में हिस्सा नहीं लिया। इस विश्व कप का मेजबान इंगलैंड था।
1978 – भारतीय महिला टीम इस विश्वकप में चौथे स्थान पर रही थी। यह विश्व कप भारत की मेजबानी में खेला गया था।
1982 – न्यूजीलैंड की मेजबानी में खेले गये इस विश्व कप में भारत चौथे स्थान पर ही रहा।
1988 – ऑस्ट्रेलिया में हुए वर्ल्ड कप में भारत ने हिस्सा नहीं लिया था।
1993 – इंगलैंड में हुए वर्ल्ड कप में भारत फिर चौथे स्थान पर रहा।
1997 – यह विश्व कप भारत की मेजबानी में खेला गया था। भारत ने इसमें सेमीफाइनल में जगह बनायी।
2000 – इस विश्व कप की मेजबानी न्यूजीलैंड ने की। इस वर्ल्ड कप में भी भारत का सफर सेमीफाइनल में ही थम गया।
2005 – मिताली राज की कप्तानी में टीम इंडिया पहली बार फाइनल में पहुंची। लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने उसका वर्ल्ड कप जीतने का सपना पूरा नहीं होने दिया। यह विश्व कप दक्षिण अफ्रीका में खेला गया।
2009 – आस्ट्रेलिया में खेले गये इस विश्व कप में भारतीय टीम ग्रुप राउंड पार कर सुपर सिक्स में पहुंची थी। लेकिन तीसरे स्थान पर रहने के कारण वह फाइनल में पहुंचने में नाकाम रही।
2013 – भारत को एक बार फिर वर्ल्ड कप की मेजबानी मिली। इस वर्ल्ड कप में भारत का प्रदर्शन सबसे बुरा रहा। पहली बार टीम सातवें स्थान पर रही थी।
2017 – इस विश्व कप में भारत खिताब के सबसे नजदीक पहुंचा था। टीम इंडिया ने काफी शानदार खेल दिखाया था। सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को मात देकर भारत फाइनल में पहुंचा। लेकिन मेजबान इंग्लैंड के मुकाबले भारत अच्छी स्थिति में होने के बावजूद मैच हार गया।
यह भी पढ़ें: निधन से पहले Shane Warne ने Rod Marsh की मौत पर जताया था शोक, ट्वीट में कही थी ये बातें