बिहार के लिए काफी अशुभ रही होली,  अलग-अलग घटनाओं में 21 लोगों की मौत

बिहार में होली का पर्व खुशियों के साथ गम भी लेकर आया, क्योंकि होली के अवसर पर विभिन्न जिलों में अलग-अलग घटनाओं में 21 लोगों की मौत की खबर मिली है। मधुबनी, बेगूसराय शिवहर-सीतामढ़ी में चार-चार लोगों की मौत हुई, वहीं, मुजफ्फरपुर में 3, मुंगेर में 2, सुपौल में 2, गोपालगंज और लखीसराय में एक-एक व्यक्ति की जान गयी।

मुंगेर विवाद सुलझाने गये एएसआई की हमले के बाद मौत

शुक्रवार को मुंगेर में डायल 112 पर मिली शिकायत के बाद पुलिस विवाद सुलझाने के लिए नंदलालपुरा गांव गये एएसआई पर शराबी परिवार ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से जख्मी हुए एएसआई संतोष कुमार सिंह की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं मुंगेर में ही गाना बजाने को लेकर दो पक्षों में गोलीबारी हुई, जिसमें एक युवक की गोली लगने से मौत हो गयी।

मधुबनी में 4 लड़कियों की डूबने से मौत

मधुबनी जिले में बेनीपट्टी प्रखंड के अरेर थाना क्षेत्र के दहिला गांव में 4 लड़कियों की डूबने से मौत हो गयी। मृतकों में दो सगी बहनें थीं। बताया जाता है कि सभी होली खेलने के बाद नहाने के लिए नदी पर गयी थीं, जहां डूबने से चारों की मौत हो गयी।

बेगूसराय में दो युवक गंगा में डूबे

बेगूसराय जिले में खरहट गांव के चार बच्चे होली खेलने के बाद गंगा नदी में स्नान करने गए थे। जहां दो किशोर डूब गए। वही, बछवाड़ा थाना क्षेत्र के चमथा गांव में एक स्कूल की टंकी में गिरकर एक बच्चे की मौत हो गई। बेगूसराय में गढ़पुरा थाना क्षेत्र के कुमहर टोल गढ़पुरा कुम्हारसौ गांव निवासी आनंदी महतो के 45 वर्षीय पुत्र किसान रंजीत महतो की मौत हो गई है। खेत पटवन के दौरान आज सुबह 6 बजे में बिजली की करंट लगने से घटनास्थल पर मौत हो गई।

सड़क दुर्घटना और विवाद में गयी जान

सीतामढ़ी और शिवहर जिले में होली के दौरान हुई घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। सीतामढ़ी में एक सड़क दुर्घटना में स्कॉर्पियो की टक्कर से दो लोगों की जान चली गई। वहीं, होलिका दहन के लिए पेड़ काटने के विवाद में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। शिवहर में अपराधियों ने एक व्यक्ति पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी।

मुजफ्फरपुर में सड़क हादसे में तीन की मौत

मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गयी है। घटना मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी मुख्य मार्ग की है। सकरा थाना क्षेत्र के रहीमपुर में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। जजुआर थाना क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने पैक्स अध्यक्ष के बेटे को गोली मार दी। आनन-फानन में उसे प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज जारी है। जबकि बेनीबाद थाना क्षेत्र में बागमती नदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई।

पूर्व मंत्री के पोते समेत दो की मौत

सुपौल के त्रिवेणीगंज नगर परिषद वार्ड-21 में एनएच-32ई पर लटूरी शिव मंदिर के पास शुक्रवार की दोपहर होली के जश्न के बीच भीषण सड़क हादसा हो गया। दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर में पूर्व मंत्री के पोते समेत दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

गोपालगंज में चाकूबाजी में युवक की गयी जान

गोपालगंज के सदर अस्पताल में इलाज के दौरान चाकू लगे एक युवक की मौत हो गयी। घटना नगर थाना के नवादा गांव की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एसपी ने सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया है। अन्य अपराधियों की गिरफ्तार के लिए छापेमारी की जा रही है।

लखीखराय में किशोर की हत्या

लखीसराय के नगर थाना क्षेत्र के पचेना गांव में रामबालक यादव के 16 वर्षीय बेटे गोलू की हत्या कर दी गयी। समस्तीपुर के वारिसनगर थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय संजन की सड़क हादसे में मौत हो गयी। उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक दुकान से टकरा गयी थी।

न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार

यह भी पढ़ें: हिन्दू त्योहारों पर हिंसा करके खलल डालना ट्रेंड बन गया है – बाबूलाल मरांडी