झारखंड विधानसभा के बजट सत्र का सोमवार को 17वां दिन है। सत्र के दौरान सदन में प्रभारी मंत्री योगेन्द्र महतो ने जानकारी दी कि राज्य में शीघ्र ही 4919 पदों पर पुलिस की भर्ती की जायेगी। दरअसल, मंत्री योगेन्द्र महतो बाघमारा के भाजपा विधायक शत्रुघ्न महतो के प्रश्न का जवाब दे रहे थे। विधायक शत्रुघ्न महतो ने सोमवार को सदन में राज्य में पुलिस बल की कमी और आठ घंटे से अधिक ड्यूटी का मामला उठाया था। शत्रुघ्न महतो ने तारांकित प्रश्न के जरिये सदन के माध्यम से सरकार को बताया कि राज्य में पुलिस बल की काफी कमी है। इसके कारण अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। साथ ही पुलिसकर्मियों से 24 घंटे काम लिया जा रहा है। शत्रुघ्न महतो महतो ने जल्द से जल्द पुलिस की भर्ती और नियम के हिसाब से सेवा लेने की मांग की।
इसके जवाब में मंत्री योगेन्द्र महतो ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के हिसाब से पुलिस बल की संख्या कम नहीं है, बल्कि ज़्यादा है। साथ ही उन्होंने बताया कि 4919 पदों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। जल्द ही नियुक्ति करके पुलिस कर्मियों की और कमी जो महसूस हो रही है उसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
यह भी पढ़ें: दिल्ली हाईकोर्ट के जज यशवंत वर्मा पर ‘जांच की आंच’, सुप्रीम कोर्ट ने गठित की तीन सदस्यीय कमिटी