Sanjiv Singh News: रांची के रिम्स में इलाजरत झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह की तबीयत बिगड़ती जा रही है। डॉक्टरों के मुताबिक, सिंह को लगातार ब्रेन स्ट्रोक हो रहा है। वह डिप्रेशन में भी हैं। इसलिए बेहतर इलाज के लिए उन्हें रिम्स से एम्स रेफर करने की अनुशंसा की गयी है। रिम्स के चिकित्सा अधीक्षक ने धनबाद मंडल कारा के अधीक्षक को इसकी सूचना दे दी है। जेल आईजी और कोर्ट से आदेश मिलने पर सिंह को बेहतर इलाज के लिए एम्स भेज दिया जायेगा।
11 अगस्त से रिम्स में हैं भर्ती
बता दें कि झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह का धनबाद के एसएनएमएमसीएच में इलाज चल रहा था। वहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया था। वह 11 अगस्त से रिम्स के पेइंग वार्ड में भर्ती हैं। रिम्स के मेडिसिन विभाग के डॉ अजीत डुंगडुंग की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ सीटी स्कैन
रिम्स के चिकित्सा अधीक्षक डॉ हीरेंद्र बिरूआ का कहना है कि मेडिकल बोर्ड की बैठक हुई थी। इसमें मेडिसिन, सर्जरी, आई, ईएनटी, ऑर्थो के अलावा न्यूरोलॉजी और साइकियाट्री विभाग के डॉक्टरों को भी बोर्ड में शामिल किया गया था। डॉक्टरों ने संजीव सिंह का सीटी स्कैन और एमआरआई कराने की सलाह दी थी। कड़ी सुरक्षा के बीच सिंह को बुधवार को रेडियोलॉजी विभाग ले जाकर उनका सीटी स्कैन किया गया। हालांकि, मशीन खराब होने के कारण उनकी एमआरआई जांच नहीं हो सकी, जिससे उनके समर्थकों में नाराजगी है।
इसे भी पढें: Super Mosquitoes: लैब में तैयार हुआ ‘सुपर मच्छर’, दुनिया से मलेरिया का होगा खात्मा !
