बिहार के बेगूसराय में ‘पलायन रोको नौकरी दो’ रैली में शामिल होने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पटना में एक जनसभा को सम्बोधित किया। राहुल गांधी इस बार बिहार में नयी रणनीति के तहत इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। इसीलिए वह बिहार का ताबड़तोड़ दौरा कर रहे हैं। पिछले तीन महीनों में यह उनका तीसरा बिहार दौरा है।
पटना में जनसभा को सम्बोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, बिहार के युवाओं में जोश है, कुछ कर दिखाने का और सरकार के ख़िलाफ़ आक्रोश है, उन्हें अवसर और समर्थन नहीं दिलाने का।
“पलायन रोको, नौकरी दो” यात्रा में आज बेगूसराय की सड़कों पर हज़ारों युवाओं की भावना, उनका कष्ट और संकल्प साफ़ दिखा।
बेरोज़गारी और पलायन के खिलाफ ये आवाज़ अब बदलाव की पुकार बन चुकी है। बिहार अब चुप नहीं बैठेगा, युवा और अन्याय नहीं सहेगा, अपने अधिकार, रोजगार और न्याय की लड़ाई डट कर लड़ेगा।
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि चंपारण सत्याग्रह का आंदोलन हो या सामाजिक न्याय की क्रांति, बिहार की धरती ने हमेशा अन्याय के ख़िलाफ़ ठोस कदम बढ़ाया है। आज वह इतिहास फिर से पुकार रहा है।
संविधान पर हमलों के ख़िलाफ़, पक्षपात और भेदभाव के विरुद्ध, आर्थिक, सामाजिक समता और न्याय के लिए, आइए, एकजुट होकर आवाज़ उठाएं!
साफ है कि राहुल गांधी ने बिहार में कांग्रेस को एक बार फिर से स्थापित करने के लिए एक अलग रणनीति बनायी है। इसी रणनीति पर चलते हुए उन्होंने कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार को आगे किया है। कन्हैया कुमार के नेतृत्व में कांग्रेस की बेगूसराय से ‘पलायन रोको नौकरी दो’ रैली की शुरुआत हुई है। कांग्रेस बिहार में जो रणनीति लेकर आगे बढ़ रही है, जैसे-जैसे बिहार का चुनाव नजदीक आता जायेगा, प्रमुख पार्टी राजद की मुश्किलें बढ़ती जायेंगी।
न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
यह भी पढ़ें: ‘पलायन रोको नौकरी दो’ रैली में शामिल होने बेगूसराय पहुंचे राहुल, तीन महीने में तीसरी बार बिहार पहुंचे