न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
अफगानिस्तान में बुधवार सुबह आये शक्तिशाली भूकंप में जहां ढेरों मकान ढह गये वहीं अब तक 950 लोगों की मौत की खबरें आ रही हैं। मृतकों की संख्या और भी बढ़ने की आशंका जतायी जा रही है। 600 से ज्यादा लोग घायल भी हुए हैं। अफगानिस्तान में आया भूकम्प 6.1 की तीव्रता वाला बताया जा रहा है। आज सुबह आये भूकंप के झटके अफगानिस्तान के साथ पाकिस्तान में भी महसूस किये गये। भूकंप दक्षिण-पूर्वी शहर खोव्स्त से लगभग 44 किमी दूर आया था।
अफगानिस्तान में भूकंप से बड़े पैमाने पर नुकसान का अनुमान है। देश में भूकंप के चलते बड़े पैमाने पर मकान ध्वस्त होने की आधिकारिक पुष्टि की गयी है। बचाव कार्य शुरू किया गया है। मौके पर हेलिकॉप्टर भेजे गए हैं और बचाव अभियान चल रहा है। खबरों के अनुसार, करीब 90 मकान पक्तिका में तबाह हो गए हैं। इन मकानों के मलबे में दर्जनों लोगों के दबे होने की आशंका है। सोशल मीडिया पर शेयर हो रहे वीडियोज में देखा जा सकता है कि पाकिस्तान से सटे पक्तिका प्रांत से लोगों को हेलिकॉप्टर के जरिए निकाला जा रहा है।
यह भी पढ़ें: Presidential Election: आखिर NDA ने छोड़ ही दिया ट्रम्प कार्ड, द्रौपदी मुर्मू को समर्थन विपक्ष की होगी मजबूरी