चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा सदर थाना क्षेत्र स्थित टुंगरी मोहल्ले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़ी एक कार में धूप से बचने के लिए घुसे दो मासूम बच्चों में से एक बच्ची की दम घुटने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, एसपीजी मिशन कंपाउंड निवासी आलोक गोप और 5 वर्षीय इशानी गोप टुंगरी स्थित अपने स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान तेज धूप से बचने के लिए दोनों बच्चे ग्रीन फ्लैट के सामने सड़क किनारे खड़ी एक कार के अंदर जाकर बैठ गए। बताया जा रहा है कि कार का दरवाजा बंद हो जाने के कारण दोनों बच्चे अंदर ही फंस गए।

कुछ समय बाद कार के भीतर ऑक्सीजन की कमी होने लगी। आलोक किसी तरह कार से बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन छोटी बच्ची इशानी अंदर ही बेहोश हो गई। घबराए आलोक ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बच्ची को कार से बाहर निकालकर तत्काल सदर अस्पताल ले गए।

हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद इशानी को मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, पूरे शहर में इस हादसे को लेकर लोगों में चिंता और दुख का माहौल है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कार के अंदर लंबे समय तक बंद रहने और ऑक्सीजन की कमी को हादसे का कारण माना जा रहा है।

विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी के दिनों में बंद वाहनों के भीतर तापमान तेजी से बढ़ जाता है, जिससे दम घुटने जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में अभिभावकों को बच्चों पर विशेष नजर रखने और उन्हें वाहनों के आसपास अकेले नहीं छोड़ने की सलाह दी जा रही है।