सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत भूयाडीह स्थित गैलेक्सी स्पोर्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में मंगलवार को अचानक हुए भीषण धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के गांवों तक इसकी आवाज सुनाई दी, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कंपनी के भीतर स्थित ब्लास्ट फर्नेस में विस्फोट होने से वहां कार्यरत तीन मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) भेजा गया।

सूत्रों के अनुसार हादसे में घायल एक मजदूर की मौत हो जाने की आशंका जताई जा रही है, जबकि अन्य दो मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है और वे जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक किसी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही श्रम विभाग के इंस्पेक्टर आर्धन भूमिज जांच के लिए घटनास्थल पहुंचे, लेकिन उन्हें कंपनी परिसर के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया। बताया जा रहा है कि घंटों इंतजार के बाद भी कंपनी प्रबंधन की ओर से सहयोग नहीं मिलने पर उन्हें वापस लौटना पड़ा।

श्रम विभाग के अधिकारी को कंपनी परिसर में प्रवेश नहीं दिए जाने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं हादसे के बाद कंपनी के अधिकारी फोन बंद कर चुके हैं और कंपनी के मालिक व कई कर्मचारी भी मौके से गायब बताए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कंपनी प्रबंधन की चुप्पी और अधिकारियों के गायब होने से संदेह पैदा हो रहा है कि कहीं घायल या मृतकों की वास्तविक संख्या इससे अधिक तो नहीं है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।