चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल के बाबूडेरा क्षेत्र में गुरुवार को फिर आईईडी ब्लास्ट हुआ है, जिसकी चपेट में आकर कोबरा 210 बटालियन के जवान अभिनय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। एसपी अमित रेणु ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घायल जवान को घटनास्थल से रेस्क्यू कर एयरलिफ्ट कर रांची भेजा जा रहा है। क्षेत्र में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच अब भी फायरिंग जारी है। भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के पोलित ब्यूरो सदस्य मिसिर बेसरा के दस्ते के साथ सुरक्षा बलों की बुधवार से मुठभेड़ चल रही है। कल सुबह से रात तक रुक रुककर फायरिंग होती रही। आज भी मुठभेड़ जारी है। बुधवार को कोबरा बटालियन के एक इंस्पेक्टर समेत 05 जवान घायल हो गए थे। दो दिनों में 06 जवान घायल हो चुके हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक नक्सलियों ने जहां मोर्चा बना रखा है वह पहाड़ी के ऊपर है। जबकि जवानों ने नीचे से घेराबंदी कर रखी है, लेकिन पहाड़ी के ऊपर बैठे नक्सलियों को ऊंचाई के कारण रणनीतिक रूप से फायदा मिल रहा है। क्योंकि सुरक्षा बलों ने घेराबंदी करते हुए दबाव बना रखा है और फायरिंग भी हो रही है इसलिए नक्सली दबाव और बौखलाहट में आक्रामक तरीके से कार्रवाई कर रहे हैं।
रिपोर्ट: रूपेश कुमार | चाईबासा (झारखंड)