Ranchi : राजधानी रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र स्थित मधुकम इलाके से दो बच्चों के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में चिंता और बेचैनी का माहौल है। परिजन बच्चों की सकुशल वापसी के लिए गुहार लगा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, अंश और हर्ष नाम के दोनों बच्चे शुक्रवार शाम अपने घर से बाहर खेलने के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने तत्काल सुखदेव नगर थाना में आवेदन देकर गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का कहना है कि बच्चों का किसी से कोई विवाद नहीं था और वे रोज की तरह ही घर से बाहर निकले थे। देर शाम तक नहीं लौटने पर आसपास के इलाकों में तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।
सुखदेव नगर थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस टीम इलाके में पूछताछ भी कर रही है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को बच्चों के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें।
फिलहाल दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बच्चों को सुरक्षित बरामद करने की हरसंभव कोशिश की जा रही है।