रांची (RANCHI): राजधानी रांची में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। कोकर इलाके में सोमवार को एक तेज रफ्तार कार ने टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी। पहले कार ने टोटो को टक्कर मारी, इसके बाद अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। टोटो में सवार लोग सड़क पर गिर पड़े, जिससे अफरा-तफरी मच गई। हादसे में टोटो सवार एक युवक की हालत गंभीर थी, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
घटना के बाद सभी घायलों को सदर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं कार सवार युवक को भी गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।