रांची (RANCHI): राजधानी रांची के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से बुधवार को हड़कंप मच गया। सिविल कोर्ट को एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ है, जिसके बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड में आ गईं। एहतियातन कोर्ट परिसर को तत्काल खाली करा लिया गया और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई।
धमकी की सूचना मिलते ही जगुआर की बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। हर आने-जाने वाले व्यक्ति की कड़ी जांच की जा रही है, वहीं पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल को भी जांच में लगाया गया है। साइबर टीम धमकी भरे ईमेल के स्रोत, आईपी एड्रेस और भेजने वाले की पहचान करने में जुट गई है। पुलिस को आशंका है कि यह किसी शरारती तत्व की हरकत हो सकती है, लेकिन किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जा रहा है।
मौके पर कोतवाली डीएसपी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद हैं और पूरे हालात पर नजर रखे हुए हैं। फिलहाल कोर्ट परिसर में तलाशी अभियान जारी है और किसी भी संदिग्ध वस्तु की बारीकी से जांच की जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस को जांच में सहयोग करें। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ कार्रवाई कर रही हैं।