पलामू जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक रोजगार सेवक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी रोजगार सेवक जितेंद्र कुमार राम बताया जा रहा है, जो पाटन प्रखंड में पदस्थापित था।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी रोजगार सेवक ने सरकारी योजना के तहत राशि आवंटन के बदले लाभार्थी से 7 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। परेशान लाभार्थी ने इसकी शिकायत एसीबी से की, जिसके बाद मामले की प्रारंभिक जांच की गई। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर एसीबी की टीम ने जाल बिछाया।
तय योजना के अनुसार जैसे ही रोजगार सेवक ने लाभार्थी से रिश्वत की राशि ली, एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद रिश्वत की राशि का मिलान किया गया और आरोपी के हाथ धुलवाने पर रंग आने से रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई।
ACB की टीम आरोपी को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। एसीबी अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और किसी भी सूरत में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद जिले के सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है और आम लोगों में ACB की कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है।