रांची : देश में नया परिसीमन लागू होने के बाद झारखंड की राजनीतिक तस्वीर बदल सकती है। राज्य में लोकसभा की सात और विधानसभा की 41 सीटें बढ़ने की संभावना जतायी जा रही है। इससे लोकसभा सीटों की संख्या 14 से बढ़कर 21 और विधानसभा सीटों की संख्या 81 से बढ़कर 121 या 122 हो सकती है। हालांकि, फिलहाल लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव को ही केंद्रीय कैबिनेट से मंजूरी मिली है। झारखंड में सीटों की संख्या बढ़ाने को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
परिसीमन की प्रक्रिया में झारखंड के सामने सबसे बड़ी चुनौती अनुसूचित जनजाति (एसटी) के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को सुरक्षित रखना होगा। राज्य में आदिवासी आबादी और उनके राजनीतिक अधिकारों को देखते हुए आरक्षित सीटों की संख्या पर विशेष नजर रहेगी।
2007 में आरक्षित सीटें घटाने के प्रस्ताव का हुआ था विरोध
झारखंड में परिसीमन का मुद्दा पहले भी विवादों में रहा है। वर्ष 2007 में हुए परिसीमन के दौरान राज्य में एसटी के लिए आरक्षित विधानसभा सीटों की संख्या 28 से घटाकर 22 और लोकसभा सीटों की संख्या पांच से घटाकर चार करने का प्रस्ताव आया था। इस प्रस्ताव का राज्य में व्यापक विरोध हुआ था।
आदिवासी संगठनों और राजनीतिक दलों ने इसे आदिवासी प्रतिनिधित्व के लिए नुकसानदायक बताया था। विरोध के बाद केंद्र सरकार को कानून में संशोधन कर झारखंड में परिसीमन लागू करने पर रोक लगानी पड़ी थी। करीब दो दशक बाद एक बार फिर परिसीमन की चर्चा शुरू होने से यह मुद्दा राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हो गया है।
एसटी आरक्षित सीटों की संख्या बढ़ाने पर रहेगी नजर
यदि मौजूदा आरक्षण अनुपात को बरकरार रखते हुए सीटों में करीब 50 प्रतिशत की वृद्धि होती है, तो झारखंड विधानसभा में एसटी के लिए आरक्षित सीटों की संख्या 42 तक पहुंच सकती है। वहीं, लोकसभा में एसटी आरक्षित सीटों की संख्या सात या आठ हो सकती है।
हालांकि, आरक्षित सीटों की वास्तविक संख्या परिसीमन के दौरान इस्तेमाल होने वाले जनगणना के आंकड़ों और संबंधित कानूनी प्रावधानों के आधार पर तय होगी। ऐसे में आदिवासी समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर परिसीमन की प्रक्रिया पर सभी की नजर रहेगी।
हेमंत सोरेन ने बुलायी सांसदों-विधायकों की बैठक
केंद्र सरकार की ओर से परिसीमन बिल लाने की चर्चा के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के सभी सांसदों और विधायकों की बैठक बुलायी है। बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण बिल के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की जायेगी। इसके बाद पार्टी अपना आधिकारिक रुख स्पष्ट करेगी।
झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने बैठक की जानकारी दी। वहीं, शुक्रवार को नेमरा में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि परिसीमन बिल पर उनकी नजर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि झारखंड के हितों के साथ कोई समझौता नहीं किया जायेगा।
परिसीमन के जरिए सीटों की संख्या बढ़ने से राज्य की राजनीतिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव संभव है। ऐसे में झारखंड के लिए सीटों की बढ़ोतरी के साथ-साथ आदिवासी प्रतिनिधित्व और क्षेत्रीय हितों का संतुलन बनाए रखना अहम होगा।