रांची: राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (NCSC) 2026 की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में रांची जिले के विभिन्न विद्यालयों के 15 मेधावी विद्यार्थी समूहों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इन सभी समूहों ने अपने शोध एवं नवाचार आधारित परियोजनाओं के दम पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अर्हता प्राप्त की है। चयनित विद्यार्थियों की उपलब्धि से जिले के शैक्षणिक जगत में उत्साह का माहौल है।
जिला स्तरीय 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन 5 नवंबर 2026 को सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची में किया गया था। प्रतियोगिता में 150 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया और विज्ञान एवं नवाचार पर आधारित अपनी परियोजनाओं का प्रस्तुतीकरण किया।
सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचार पर आधारित थीं परियोजनाएं
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार के लिए राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद (NCSTC) का एक प्रमुख कार्यक्रम है। इसे भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) का सहयोग प्राप्त है।
वर्ष 2026 की प्रतियोगिता का केंद्रीय विषय “सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचार” (Science and Innovation for Sustainability) था। इसके तहत विद्यार्थियों ने पांच विषयगत क्षेत्रों में अपनी शोध परियोजनाएं प्रस्तुत कीं। इनमें ऊर्जा, जल संचयन, अपशिष्ट प्रबंधन, खाद्य, स्वास्थ्य एवं कृषि तथा सतत विकास के लिए भारतीय ज्ञान प्रणाली शामिल थे।
परियोजनाओं का मूल्यांकन 12 विशेषज्ञों के पैनल ने किया। मूल्यांकन की प्रक्रिया राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार परियोजना प्रतिवेदन, लॉगबुक और विद्यार्थियों के मौखिक प्रस्तुतीकरण के आधार पर संपन्न हुई।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने किया उद्घाटन
कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर सेंट जेवियर्स कॉलेज के भौतिकी विभागाध्यक्ष डॉ. स्वराट चौधरी अध्यक्ष तथा कॉलेज के उप-प्राचार्य डॉ. फादर अजय मिंज, एस.जे. संरक्षक के रूप में उपस्थित थे।
कार्यक्रम में NCSC-2026 के राज्य समन्वयक एवं सिमडेगा कॉलेज के सहायक प्राध्यापक डॉ. अतेन्द्र कुमार की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
विशेषज्ञों के पैनल ने किया परियोजनाओं का मूल्यांकन
प्रतियोगिता में परियोजनाओं के मूल्यांकन के लिए गठित विशेषज्ञ पैनल में डॉ. वेंकट अप्पा राव, डॉ. राजीव रंजन श्रीवास्तव, डॉ. किंग्शुक बोस (बीआईटी मेसरा), डॉ. प्रिया श्रीवास्तव, डॉ. रितेश शुक्ला, डॉ. शिव शंकर प्रसाद, डॉ. दीपेन्द्र कुमार सिन्हा, डॉ. अनुपमा भार्गव, डॉ. श्रेया पांडेय, डॉ. रेमन कुमार सिंह, डॉ. संतोष सिंह (योगदा कॉलेज) तथा डॉ. अमृता कुमारी (रांची महिला महाविद्यालय) शामिल थे।
इस आयोजन का समन्वयन सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची के भौतिकी विभाग द्वारा किया गया। जिला अकादमिक समन्वयक के रूप में डॉ. सुमित कुमार रॉय तथा जिला समन्वयक के रूप में डॉ. रवि कुमार बोम्माली ने जिम्मेदारी निभाई। वहीं, डॉ. मितेश चक्रवर्ती और डॉ. राजेश कुमार ने परियोजनाओं के मूल्यांकन की उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इन 15 विद्यार्थी समूहों ने किया राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित 15 विद्यार्थी समूहों में चिरंजीवी कॉन्सेप्ट स्कूल, गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल कमड़े, कैराली स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेंट थॉमस स्कूल, सेंट जेवियर्स
वैज्ञानिक सोच और नवाचार को मिला मंच
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान क्षमता, रचनात्मकता और समस्या-समाधान कौशल को प्रदर्शित करने का अवसर मिला। चयनित सभी 15 विद्यार्थी समूहों की उपलब्धि उनकी वैज्ञानिक जिज्ञासा, परिश्रम और मार्गदर्शक शिक्षकों के समर्पित प्रयासों का परिणाम है।
अब ये विद्यार्थी समूह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी परियोजनाओं का प्रस्तुतीकरण करेंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में मिली सफलता ने विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके विद्यालयों और मार्गदर्शक शिक्षकों के लिए भी गौरव का अवसर प्रदान किया है।