रांची: झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के कई इलाकों में मंगलवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। सुबह करीब 7 बजकर 2 मिनट पर धरती में कंपन होने से लोगों में दहशत फैल गई। अचानक आए झटकों के बाद कई लोग अपने घरों और अपार्टमेंट से बाहर निकलकर खुले स्थानों पर पहुंच गए।
प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.4 बताई गई है। इसका केंद्र नेपाल के कोशी प्रदेश में था। भूकंप के झटके झारखंड के अलावा बिहार के कई इलाकों में भी महसूस किए जाने की खबर सामने आई है।
सुबह के समय अचानक धरती हिलने से लोगों को कुछ देर तक समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। कई लोगों ने अपने परिचितों और रिश्तेदारों को फोन कर उनकी कुशलक्षेम पूछी।
राहत की बात यह है कि शुरुआती रिपोर्टों में झारखंड से किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। हालांकि, भूकंप के बाद स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
विशेषज्ञों के अनुसार, भूकंप के दौरान घबराने के बजाय सुरक्षित स्थान पर रहना चाहिए। घर के अंदर होने पर मजबूत मेज के नीचे शरण लें और झटके रुकने के बाद सावधानीपूर्वक खुले स्थान पर जाएं।