पाकुड़: पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के 26 नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य इन दिनों पाकुड़ के एक होटल में ठहरे हुए हैं। बताया जा रहा है कि सभी सदस्य जिला परिषद अध्यक्ष पद के उम्मीदवार के साथ यहां पहुंचे हैं। इसी बीच सूचना मिलने पर पश्चिम बंगाल पुलिस होटल पहुंची और जिला परिषद सदस्यों को अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। इसके बाद होटल परिसर में हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई।
जिला परिषद सदस्यों ने आरोप लगाया कि वे अपनी इच्छा से पाकुड़ आए हैं और पुलिस द्वारा उन पर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। विरोध के दौरान पुलिस और सदस्यों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। मामला बढ़ता देख पाकुड़ पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बीच हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया।
6 अक्टूबर को होना है अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का चुनाव
जिला परिषद सदस्य सागरिका सरकार ने आरोप लगाया कि मालदा में आगामी 6 अक्टूबर को जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होना है। उनका आरोप है कि इसी चुनाव को लेकर पुलिस के माध्यम से सदस्यों पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने महिला जिला परिषद सदस्यों के साथ कथित दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया।
मालदा में TMC के पास 34 सीटें
जानकारी के मुताबिक मालदा जिले में कुल 43 जिला परिषद सीटों पर चुनाव हुआ था। इनमें टीएमसी ने 34, कांग्रेस ने 5 और भाजपा ने 4 सीटों पर जीत दर्ज की है। चुनाव के पहले जिला परिषद सदस्यों का पाकुड़ के होटल में ठहरना और उसके बाद पश्चिम बंगाल पुलिस के पहुंचने से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
फिलहाल होटल के बाहर पश्चिम बंगाल पुलिस की मौजूदगी बनी हुई है। हालांकि, पूरे मामले को लेकर पश्चिम बंगाल पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है