शुक्रवार से टोक्यो में शुरू हो रहे ओलंपिक में झारखंड की अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज दीपिका कुमारी(Deepika Kumari) से देश को पदक की उम्मीदें हैं। मौका बड़ा है, तो जिम्मवारी भी बड़ी है। ऐसे में तनाव होना स्वाभाविक है। क्या भारत की स्टार तीरंदाज दीपिका कुमारी को भी तनाव होता है। दर्शक यह साफ-साफ देख पायेंगे। टोक्यो के युमेनोशिमा पार्क में खेले जाने वाले तीरंदाजी मुकाबलों में पहली बार खिलाड़ियों के तनाव के स्तर और दिल की धड़कन को दर्शक टीवी पर लाइव देखा सकेंगे।
एक विज्ञापन है- ‘डर सबको लगता है, गला सबका सूखता है’। यह कहावत हर खिलाड़ी पर लागू होती है। दीपिका कुमारी(Deepika Kumari) दुनिया की नंबर एक तीरंदाज के रूप में टोक्यो ओलंपिक में भाग ले रही हैं। बड़े मुकाबलों में दीपिका कुमारी पर पहले में तनाव में आते देखा गया है। टोक्यो ओलम्पिक में वह कितने आत्मविश्वास से भरी हैं या कितने तनाव में हैं, नयी तकनीक से यह साफ देखा जा सकेगा।
कैमरा ऐसे भांप लेगा खिलाड़ियों के तनाव का स्तर
ओलंपिक खेलों में पहली बार नयी तकनीक के सहारे खिलाड़ियों के हाव-भाव को भांपने के लिए कैमरों का इस्तेमाल किया जायेगा। ये कैमरे खिलाड़ियों के रक्त प्रवाह में बदलाव के कारण चेहरे की त्वचा के रंग और आकार में बदलाव पर नजर रखेंगे। इससे खिलाड़ियों के दिल की धड़कन और उनके तनाव के स्तर का पता चल सकेगा। दिल की धड़कनों के आंकड़े खिलाड़ियों को देखने के नहीं मिलेंगे। यह सिर्फ दर्शक ही देख सकेंगे। जिसका टीवी पर सीधा प्रसारण किया जायेगा।
तनाव का दीपिका कुमारी पर होता है असर
विश्व की नम्बर एक तीरंदाज दीपिका कुमारी से देश को पदक की प्रबल उम्मीदें हैं। दीपिका तीसरी बार ओलंपिक खेलों में भाग ले रही है। किन्तु तनाव में आकर उन्होंने हर बार मौके गंवाए हैं। लंदन ओलंपिक में दीपिका नॉकआउट के पहले दौर में ही बाहर हो गईं थीं। ऐसा रियो ओलंपिक में भी देखा गया। बड़े मुकाबले का दबाव वह यहां भी नहीं झेल पायीं और तीसरे दौर में सीधे सेटों में हार गयीं।
शानदार फॉर्म में चल रही हैं दीपिका कुमारी
देशवासियों के लिए यह खुशखबरी है कि स्टार तीरंदाज दीपिका कुमारी इन दिनों फॉर्म में हैं। दीपिका ने विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरे चरण में तीन स्वर्ण पदक अपनी झोली में डाले। उन्होंने महिला व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा के फाइनल में रूस की एलिना ओसिपोवा को 6-0 से हराकर एक दिन में स्वर्ण पदकों की हैट्रिक पूरी की थी। टोक्यो ओलंपिक से पहले दीपिका का यह प्रदर्शन भारत को सुकून देने वाला है। देश के लिए दीपिका स्वर्ण पदक लायें, हर देशवासी यही कामना कर रहा है।
इसे भी पढ़े: ENG Vs IND: ऋषभ पंत कोरोना पॉजिटिव!, टीम इंडिया की बढ़ी चिंता