रांची जेल में रची गई थी ईडी अफसरों पर हमले की साजिश, केंद्र का जवाब

ईडी के अफसरों पर हमले और आपराधिक साजिश रचने से जुड़े संसद में पूछे गए प्रश्न पर केंद्र सरकार ने अपना जवाब दिया है। इसमें बताया है कि ईडी अफसरों पर हमले की साजिश रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में रची गई थी।  जवाब में बताया गया है कि रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद प्रेम प्रकाश ने ही ईडी अधिकारियों पर हमले की साजिश रची थी। वह 25 अगस्त 2022 को गिरफ्तार हुआ था। प्रेम प्रकाश ने ईडी के जांच अधिकारी पर हमले और अधिकारियों को तुच्छ मामलों में फंसाने की योजना बनाई थी।

दरअसल, रांची के सांसद (वर्तमान रक्षा राज्यमंत्री) संजय सेठ ने 11 दिसंबर 2023 को लोकसभा में शून्यकाल के दौरान ईडी और केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड की कार्रवाई से जुड़े सवाल पूछे थे। उसी का जवाब तत्कालीन वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने भेजा है। वित्त मंत्रालय ने जवाब में कहा है कि अवैध पत्थर खनन की राशि की मनी लाउंड्रिंग और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी भूमि के कब्जा मामले में प्रेम प्रकाश को 25 अगस्त 2022 को गिरफ्तार किया गया था। वह वर्तमान में न्यायिक हिरासत में है।

केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने बताया है कि अपने खिलाफ चल रही जांच को प्रभावित करने के लिए प्रेम प्रकाश ने कुछ अधिकारियों समेत अपनी पहुंच के बूते साजिश रची थी। उसके खिलाफ अवैध खनन और भूमि घोटाले से संबंधित जांच अभी भी चल रही है।

 न्यूज़ डेस्क/ समाचार प्लस, झारखंड- बिहार 

 ये भी पढ़ें : अफगानिस्तान को रौंद कर फाइनल में पहुंचा दक्षिण अफ्रीका

 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *