IMD ने बारिश को लेकर दी खुशखबरी, झारखंड में अभी बरसेंगे मेघ, इस साल 105% होगी मानसूनी वर्षा

केरल में कब पहुंचेगा मानसून इसकी जानकारी मई में देगा मौसम विभाग

झारखंड में पिछले कुछ दिनों से शाम होते-होते बारिश हो जा रही है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से रात मिल रही है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में पिछले 10 दिनों से गर्जन, वज्रपात और तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, मौसम में यह बदलाव काल बैसाखी के कारण है। झारखंड के मौसम को लेकर राज्य के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि काल बैसाखी अप्रैल-मई में पूर्वी भारत में आने वाला एक मौसमी तूफान है, जिसमें तेज हवा, बारिश और वज्रपात एक साथ होते हैं। उन्होंने यह भई बताया कि झारखंड में यह स्थिति 18-19 अप्रैल तक देखने को मिलेगी।

ला लीना के प्रभाव से देश में अच्छे मानसून के आसार

उधर, भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने इस साल के मौसम का भी हाल बयां किया है। आईएमडी ने बताया कि जून से सितंबर तक मानसून बेहतर रहेगा। इस बार 105 प्रतिशत मानसूनी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, इस साल देश में 87 सेंटीमीटर औसत बारिश होने की उम्मीद है।

केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव एम. रविचंद्रन ने मौसम विभाग में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस साल भारतीय उपमहाद्वीप में मानसून के दौरान अल नीनो स्थितियां विकसित होने की संभावना नहीं हैं। इसलिए देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है, केवल उत्तर पश्चिम भारत और दक्षिण प्रायद्वीप के कुछ हिस्सों को छोड़ कर सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। यानी देश के 80 प्रतिशत जगहों में सामान्य से अधिक बारिश होने का पूर्वानुमान है। मगर इस साल केरल में मानसून कब पहुंचेगा इस पर उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी मई के मध्य में दी जाएगी।

न्यूज डेस्क/समाचार प्लस – झारखंड-बिहार

यह भी पढ़ें :झारखंड में नहीं चलेगा संघ का एजेंडा, झामुमो केन्द्रीय अध्यक्ष बनते ही हेमंत सोरेन ने दिखाये तेवर