जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने सभी बीडीओ, एडीएसओ, एमओ और बीसओ को दिये निर्देश
स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं सतर्कता समिति के सदस्यों की उपस्थिति में खाद्यान्न वितरण करने का निर्देश
हर महीने 15, 16, 25 और 26 तारीख को चावल दिवस का हो रहा आयोजन
Chawal Diwas Ranchi: रांची : 15 मार्च 2023 को आयोजित किये जाने वाले चावल दिवस (Chawal Diwas) पर जनवरी 2023 और फरवरी 2023 के आवंटित खाद्यान्न का वितरण अनिवार्य रुप से किये जाने को लेकर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, पणन पदाधिकारी अनुभाजन क्षेत्र, रांची और सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को पत्र लिखा है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी, रांची अल्बर्ट बिलुंग ने 15 मार्च को आयोजित किये जानेवाले चावल दिवस को व्यापक और प्रभावी रुप से मनाते हुए जनवरी 2023 और फरवरी 2023 का खाद्यान्न वितरण कार्य अनिवार्य रुप से करने का निर्देश दिया है।
उपायुक्त ने पूर्व में ही दिए थे निर्देश
माह फरवरी 2023 के लिए आवंटित खाद्यान्न के विरुद्ध 72 प्रतिशत और मार्च माह 2023 के लिए आवंटित खाद्यान्न के विरुद्ध मात्र 04 प्रतिशत ही वितरण किया गया है।आपको बता दें कि रांची जिला में जन वितरण प्रणाली के तहत लाभुकों को ससमय खाद्यान्न एवं अन्य सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने को लेकर चावल दिवस (Chawal Diwas)का आयोजन करने हेतु पूर्व में ही उपायुक्त, रांची राहुल कुमार सिन्हा द्वारा दिशा निर्देश दिये गये थे।
महीने की 15, 16, 25 और 26 तारीख को चावल दिवस का आयोजन
विभागीय निर्देशानुसार उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा द्वारा प्रत्येक महीने की 15, 16, 25 और 26 तारीख को चावल दिवस (Chawal Diwas) का आयोजन करने का निर्देश दिया गया है। उपायुक्त द्वारा लक्षित जन वितरण प्रणाली के तहत लाभुकों को खाद्यान्न एवं अन्य सामग्री का वितरण स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं सतर्कता समिति के सदस्यों की उपस्थिति में सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
ये भी पढ़ें : Ranchi: गर्मी आते ही राजधानी के कई इलाकों में जल संकट गहराया, लोगों की बढ़ी परेशानी