सुभाषचंद्र बोस की मृत्यु वाले पोस्ट को लेकर राहुल गांधी पर कोलकाता में केस

नेताजी सुभाष चंद्र बोस पर एक बयान देकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी बुरी तरह से फंस गये हैं। दरअसल, 23 जनवरी को सुभाषचंद्र बोस की जयंती के अवसर पर राहुल गांधी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी थी। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया जिस पर विवाद हो गया। इसी पोस्ट को लेकर उनके ऊपर यह एफआईआर की गयी है। यह एफआईआर दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर थाने में दर्ज की गयी है। इसमें राहुल गांधी के पोस्ट में नेताजी की मृत्यु की तारीख का उल्लेख किया था, इसी को लेकर यह शिकायत दर्ज करायी गयी है।

राहुल गांधी पर यह शिकायत स्वयंभू हिंदुत्व समूह अखिल भारतीय हिंदू महासभा द्वारा की गयी है। समूह के कार्यकर्ताओं ने दक्षिण कोलकाता में एल्गिन रोड पर नेताजी के पैतृक घर के पास प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी द्वारा की गई विवादित पोस्ट की सामग्री के खिलाफ अपना विरोध दर्ज किया। अखिल भारतीय हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रचूड़ गोस्वामी ने कहा कि राहुल गांधी वही विरासत आगे बढ़ा रहे हैं, जिसने पहले नेताजी को कांग्रेस छोड़ने और बाद में देश छोड़ने पर मजबूर किया था। गोस्वामी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और उनके परिवार ने हमेशा भारत के लोगों की यादों से नेताजी की यादों को मिटाने की कोशिश की है।

क्या लिखा था राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में?

राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में पोस्टर के जरिए नेताजी की मृत्यु की तारीख 18 अगस्त 1945 बतायी। यह वही तारीख थी, जब नेताजी का विमान ताइहोकू (जो अब ताइपे में है) में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। हालांकि, नेताजी की मृत्यु की सही तारीख की कभी भी पुष्टि नहीं हो पायी।

न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड

यह भी पढ़ें: Bihar: राजनीति में अबकी बार नीतीश कुमार का परिवार? होली के बाद निशांत राजनीति में मारेंगे इंट्री?