बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का शनिवार को 74वां जन्मदिन है। उनके जन्मदिन पर उन्हें बधाइयां देने का तांता लगा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उनके राजनीतिक प्रतिद्वन्द्वी राजद प्रमुख तेजस्वी यादव ने भी बधाई दी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने X पर अपने बधाई संदेश में कहा – बिहार के यशस्वी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को उनके जन्मदिन पर ढेरों शुभकामनाएं। उनके नेतृत्व में राज्य विकास के नए पथ पर अग्रसर हुआ है। ईश्वर उन्हें स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन प्रदान करे।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर बधाई संदेश में लिखा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके नेतृत्व में बिहार में एनडीए जन कल्याण और सुशासन का पर्याय बना है। आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की मंगलकामना करता हूं।
उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी नीतीश कुमार को जन्मदिन की बधाई दी है। योगी ने एक्स पर लिखा है-बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जन्मदिन की हार्दिक बधाई! माता जानकी से आपके समृद्ध, सुदीर्घ एवं आरोग्यमय जीवन की प्रार्थना है। योगी आदित्यनाथ के अलावा नितिन गडकरी, चिराग पासवान, दिलीप जायसवाल, नितिन नवीन समेत कई नेताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को शुभकामनाएं दी हैं।
बिहार विधानसभा में शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उनके जन्मदिन पर अग्रिम बधाई दी गई थी। सदन के सदस्यों ने मेज थपथपा कर मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी थी। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री को अपनी सीट से ही अभिवादन कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। शनिवार को तेजस्वी यादव ने X पर पोस्ट करके भी बधाई दी है। उन्होंने लिखा – बिहार के माननीय मुख्यमंत्री जी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई।
बता दें कि नीतीश कुमार का जन्म 1 मार्च, 1951 को बख्तियारपुर में हुआ था। उनके जन्मदिन के मौके पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। आम से लेकर खास सभी अपने नेता को जन्मदिन की बधाई दे रहे हैं।
न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
यह भी पढ़ें: खड़गे का दावा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ में 455 करोड़ का घोटाला! डब्ल्यूसीडी ने दिया जवाब